UP : सुल्तानपुर में हेल्थ कैंप आयोजित, करीब 1200 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं व चिकित्सकीय परामर्श का लिया लाभ

ADVERTISEMENTS
- सुल्तानपुर में विशेष स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का आयोजन
दीपांकुश चित्रांश की रिपोर्ट…खबर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से है जहाँ सियाराम हॉस्पिटल में गुरुवार 17 सितंबर को विशेष स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में करीब 1200 मरीजों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।शिविर का आयोजन ऑर्थोपेडिक्स सर्जन डॉ. उत्तम सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान जनरल फिजिशियन डॉ. आकांक्षा शर्मा सहित चिकित्सकीय टीम ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया। शिविर में ब्लड शुगर,ब्लड प्रेशर,बीएमडी (हड्डियों की जांच) एवं पी.एफ.टी. (श्वसन क्षमता की जांच) निःशुल्क की गई। इसके साथ ही चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। वहीं पैथोलॉजी जांच,एक्स-रे एवं ईसीजी पर विशेष छूट का लाभ भी मरीजों ने लिया। शिविर में बड़ी संख्या में बुजुर्गों,महिलाओं एवं लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान लोगों ने पहुंचकर जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। 

कैंप आयोजक एवं ऑर्थोपेडिक्स सर्जन डॉ. उत्तम सिंह ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना था। करीब 1200 मरीजों का शिविर में लाभ लेना इसकी उपयोगिता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनहित में भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।जनरल फिजिशियन डॉ. आकांक्षा शर्मा ने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराना बेहद जरूरी है। नियमित जांच से कई बीमारियों की समय रहते पहचान की जा सकती है और उनका उचित उपचार संभव होता है। उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। शिविर के दौरान अजीत सिंह,रौनक सिंह,ओम प्रकाश सिंह,बृजेश श्रीवास्तव,रुद्र प्रताप दुबे,राजेश सिंह, युवराज सिंह,राजमणि दुबे, दीपक जायसवाल समेत क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए उपयोगी पहल बताया।सियाराम हॉस्पिटल प्रबंधन एवं चिकित्सा टीम ने शिविर में सहयोग करने वाले सभी लोगों तथा शिविर में पहुंचे मरीजों के प्रति आभार व्यक्त किया।



