UK : हल्द्वानी में UKD ने लगाया PMGSY से सम्बन्धित टेंडर में करोड़ों का घोटाला का आरोप, जांच की मांग

- नीरज बिष्ट ने लगाया लगभग 200 करोड़ रुपये के टेंडर घोटाले का आरोप,
- साथ ही समस्त संदिग्ध टेंडर निरस्त करने की मांग की
- हल्द्वानी में की प्रेस वार्ता, दी चेतावनी एक हफ्ते में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना प्रदर्शन
- दो सम्बंधित अधिकारियों पर मिली भगत का आरोप लगाया, दोनों गोरखपुर निवासी हाल निवासी खटीमा

हल्द्वानी : शुक्रवार को फुलचौड़ रोड स्थित UKD कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में UKD की छात्र इकाई उत्तराखंड स्टूडेंट फेडरेशन (USF) के केंद्रीय अध्यक्ष नीरज बिष्ट ने दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर लगभग 200 करोड़ रुपये के PMGSY से जुड़े कथित टेंडर घोटाले का खुलासा किया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीरज बिष्ट ने आरोप लगाया कि सचिवालय के अधिकारी दिनेश यादव, जिन पर टेंडर संबंधी पर्चियां निकालने का आरोप है, तथा URRDA के अधिकारी संजय कुमार पाठक की इस पूरे मामले में मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।उन्होंने बताया कि न्यायालय द्वारा गंगा प्रसाद पुनेठा से संबंधित दस्तावेजों को अवैध घोषित किया जा चुका है., जिसके आधार पर एक टेंडर निरस्त भी हुआ है। इसके बावजूद 9 अन्य टेंडरों में गंगा प्रसाद पुनेठा नामक ठेकेदार को अभी भी वैध दर्शाया गया है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार के दस्तावेज विभाग में फर्जी रूप से लगाए गए हैं।नीरज बिष्ट ने यह भी कहा कि यदि एक ठेकेदार से संबंधित दस्तावेज न्यायालय द्वारा अवैध घोषित किए जा चुके हैं, तो उसी आधार पर उससे जुड़े अन्य टेंडरों की भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने पूरे मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की।



