मुनि की रेती: कांवड़ यात्रा 2026: सिंगल यूज प्लास्टिक पर नगर पालिका की सख्त कार्रवाई, 5 चालान कर ₹800 का अर्थदंड

ADVERTISEMENTS
मुनिकीरेती/ढालवाला (टिहरी गढ़वाल)। कांवड़ यात्रा 2026 को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध लगातार विशेष छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशों के अनुपालन में मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान के नेतृत्व में पालिका टीम द्वारा जानकी सेतु पार्किंग क्षेत्र, विभिन्न घाटों एवं कांवड़ यात्रा मार्ग पर नियमित निरीक्षण एवं छापामारी की जा रही है।
अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। सोमवार को पालिका टीम ने 5 चालान कर कुल ₹800 का अर्थदंड वसूला। इसके अतिरिक्त कई लोगों को चेतावनी देते हुए भविष्य में सिंगल यूज प्लास्टिक एवं प्रतिबंधित पॉलीथीन का प्रयोग न करने के निर्देश दिए गए।नगर पालिका परिषद ने कांवड़ यात्रा में आए सभी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें, कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल कांवड़ यात्रा के आयोजन में अपना सहयोग प्रदान करें।



