ऋषिकेश : विद्या भारती के संभाग निरीक्षक नत्थी लाल बंगवाल का स्वागत एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम का हुआ आयोजन

ADVERTISEMENTS
ऋषिकेश : सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास, ऋषिकेश में विद्या भारती के संभाग निरीक्षक नत्थी लाल बंगवाल का विद्यालय परिवार की ओर से आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। 

विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत एवं समस्त विद्यालय परिवार ने संभाग निरीक्षक नत्थी लाल बंगवाल को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने आचार्य परिवार को संबोधित करते हुए विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, संस्कारयुक्त शिक्षा तथा आगामी गतिविधियों को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।बंगवाल ने आगामी पंचपदीय परीक्षा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा करते हुए आचार्यों को परीक्षा को प्रभावी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही विद्या भारती द्वारा प्रस्तावित सामूहिक वंदे मातरम् कार्यक्रम को प्रत्येक विद्यालय में अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ प्रभावशाली रूप से आयोजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने का माध्यम है। आचार्यों का दायित्व है कि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें राष्ट्र एवं समाज के प्रति कर्तव्यबोध भी जागृत करें।विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने संभाग निरीक्षक का स्वागत करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन विद्यालय परिवार के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। उनके सुझावों से विद्यालय की शैक्षिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलती है।कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य डॉ. नागेन्द्र पोखरियाल, नन्द किशोर भट्ट, नरेन्द्र खुराना, रविंद्र सिंह परमार, वीरेन्द्र कंसवाल, यशोदा भारद्वाज सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।



