UK :देवलथल तहसील दिवस में जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया, मुख्य विकास अधिकारी डॉ० दीपक सैनी ने अधिकारियों को दिए त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
ख़बर शेयर करें -

पिथौरागढ़ : जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज देवलथल तहसील परिसर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ० दीपक सैनी की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के दूरस्थ गांवों एवं विभिन्न न्याय पंचायतों से बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

तहसील दिवस के दौरान सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, राजस्व, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा भुगतान, राशन कार्ड, भूमि विवाद, सीमांकन, कृषि एवं पशुपालन से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ० दीपक सैनी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन जनता के द्वार पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन और प्रशासन के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसके जरिए ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक समस्याओं की जानकारी प्राप्त होती है।

ALSO READ:  UK : यूआईआईडीबी को 7,000 बीघा भूमि आवंटित किए जाने की बात तथ्यात्मक रूप से गलत, अब तक मात्र 45 एकड़ भूमि ही बोर्ड को उपलब्ध

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं स्थानीय स्तर पर हल की जा सकती हैं, उनका तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा जिन प्रकरणों में उच्च स्तर की स्वीकृति अथवा तकनीकी प्रक्रिया अपेक्षित है, उनमें भी शीघ्र कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को प्रगति से अवगत कराया जाए।

तहसील दिवस में ग्रामीणों द्वारा कई स्थानों पर पेयजल संकट, ग्रामीण संपर्क मार्गों की खराब स्थिति, विद्युत आपूर्ति में व्यवधान, सिंचाई नहरों की मरम्मत तथा राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कुछ मामलों का तत्काल निस्तारण भी किया गया, जिससे उपस्थित ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज किया जाए तथा उसके निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।

ALSO READ:  UK :प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ० दीपक सैनी ने देवलथल में नवनिर्मित तहसील भवन का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता, विभिन्न कक्षों की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भवन परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा आमजन को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अधिशासी अभियंता, समाज कल्याण विभाग, जल संस्थान, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, कृषि विभाग, पूर्ति विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। तहसील दिवस में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

Ad Ad Ad

Related Articles

हिन्दी English