यूपी : सुल्तानपुर में शिक्षक दंपति हत्याकांड के विरोध में तिकोनिया पार्क में श्रद्धांजलि सभा

ADVERTISEMENTS
- शिक्षक दंपति हत्याकांड से गमगीन हुआ शिक्षक समाज
- न्याय की मांग को लेकर शिक्षकों में आक्रोश
दीपांकुश चित्रांश की रिपोर्ट.. खबर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से है जहाँ शिक्षक दम्पति हत्याकांड से आक्रोशित शिक्षक संगठनों ने एकजुटता दिखाते हुए तिकोनिया पार्क में शोकसभा का आयोजन किया,नम आंखों से मुकेश-विनीता सिंह को श्रद्धांजलि दी गई, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। आपको बता दें कि जिले के चर्चित शिक्षक दम्पति हत्याकांड से शिक्षक समाज में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। घटना से आहत जिले के विभिन्न शिक्षक संगठनों ने सामूहिक रूप से एकजुटता दिखाते हुए नगर के तिकोनिया पार्क में शोकसभा आयोजित की। बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पहुंचकर दिवंगत शिक्षक मुकेश सिंह एवं उनकी पत्नी विनीता सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर नम आंखों से श्रद्धांजलि दी तथा दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। 

शोकसभा में शिक्षकों ने शिक्षक दम्पति की हत्या को अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक घटना बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की। शिक्षकों ने कहा कि इस घटना से पूरा शिक्षक समाज स्तब्ध और व्यथित है। उन्होंने दिवंगत दम्पति के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की मांग उठाई।शिक्षकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी और घटना को लेकर व्याप्त आक्रोश को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क रहा। किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका को गंभीरता से लेते हुए तिकोनिया पार्क एवं आसपास के क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।प्रदेश महामंत्री/राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एंव जिला अध्यक्ष जौनपुर प्रत्येक संयुक्त महामंत्री अमित सिंह प्रदेश महामंत्री ने आवाह्न किया की पुलिस प्रशासन जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करे।सभी शिक्षक संगठनों ने एक स्वर में दिवंगत शिक्षक दम्पति को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता भी श्रद्धांजलि सभा मे पहुँच कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।



