UP : लाखों का पैकेज, CA की डिग्री और लंदन में जज की कुर्सी छोड़ी, 7 युवतियों ने चुनी संयम और साधना की राह, जानें

ADVERTISEMENTS
सहारनपुर : (खुर्शीद आलम) जिस उम्र में युवा बेहतर नौकरी, लाखों का पैकेज और ऊंचे पद हासिल करने के सपने देखते हैं, उसी उम्र में सात युवतियों ने सांसारिक सुख-सुविधाओं से दूरी बनाकर जैन साध्वी जीवन अपनाने का फैसला किया है। इनमें किसी के पास चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की प्रतिष्ठित डिग्री थी तो किसी ने लाखों रुपये के पैकेज वाली नौकरी को अलविदा कह दिया। एक युवती ने लंदन में कानून और न्यायिक क्षेत्र में पहचान बनाई, लेकिन इन सभी ने अपने जीवन की दिशा बदलते हुए संयम, तपस्या और आत्मकल्याण का मार्ग चुना। सात युवतियों में दो सहारनपुर की रहने वाली हैं।

सहारनपुर निवासी रंगोली जैन की कहानी विशेष चर्चा में है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से पहले ही प्रयास में CA की डिग्री हासिल की और कोलकाता की प्रतिष्ठित कंपनी में करीब दस साल तक नौकरी की। लाखों के पैकेज और शानदार करियर के बावजूद उनका झुकाव आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ता गया। रंगोली ने 19 नवंबर 2017 को आचार्य सुपार्श्व सागर से आजीवन ब्रह्मचर्य व्रत लिया था। सात जुलाई 2024 को संघ प्रवेश के बाद वह लगातार साधना के मार्ग पर आगे बढ़ती रहीं।
वहीं मध्य प्रदेश के बैतूल में जन्मी प्रखरश्री ने बीएएलएलबी और एलएलएम की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने लंदन में कानून और न्यायिक क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और जज के पद तक पहुंचीं। इसके बावजूद उन्होंने प्रतिष्ठित पेशेवर जीवन छोड़कर आध्यात्मिक मार्ग अपनाने का निर्णय लिया।इनके अलावा मध्य प्रदेश के भिंड की गिरजा, ग्वालियर की सोनम, बैतूल की चेतना, सहारनपुर की सुनीता और दिल्ली की बबली ने भी सांसारिक जीवन का त्याग करने का संकल्प लिया है। सभी की पारिवारिक और शैक्षिक पृष्ठभूमि अलग-अलग है, लेकिन मंजिल एक है।
सहारनपुर के जैन बाग मंदिर में सातों दीक्षार्थी बहनों की गोद भराई और बिनौली का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जैन समाज के अध्यक्ष राजेश कुमार जैन के अनुसार, सहारनपुर में पहली बार एक साथ सात दीक्षार्थी बहनों का ऐसा आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक रस्मों के साथ उन्हें विदाई दी। माहौल में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिली।
जैन साध्वी जीवन में पैदल विहार, सीमित आवश्यकताएं, धार्मिक नियमों का पालन और कठोर आत्मानुशासन शामिल हैं। सातों युवतियां 22 नवंबर को मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध सोनागिरि सिद्धक्षेत्र में आयोजित दीक्षा महोत्सव में श्रमणी आर्यिका दीक्षा ग्रहण करने गई हैं। इनका फैसला इस बात का उदाहरण है कि इनके लिए जीवन की सफलता का अर्थ केवल पद, पैसा और प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि आत्मकल्याण और आध्यात्मिक साधना भी है।





