UK :खदरी में पौराणिक ईगास पर्व हर्षोल्लास से मनाया

- कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर समा बांधा
ऋषिकेश : न्याय पंचायत श्यामपुर के खदरी स्थित चौपड़ा फार्म में शुक्रवार को तृतीय उत्तराखंड का लोकपर्व ईगास बग्वाल बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान के विशेष प्रयासों तथा ईगास बग्वाल समिति खदरी एवं असेना के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति, परंपरा और पहाड़ी विरासत की शानदार झलक देखने को मिली। 
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डोईवाला गौरव सिंह, कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सजवाण ,जयेन्द्र रमोला, राजपाल खरोला,सुधीर राय संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।इसके बाद बालिकाओं ने ‘डांडियों की मरोड़ी कैलाशों आचछी मनमोहक प्रस्तुति देकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया।
वहीं, बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम में लोकगायक दुर्गा भाई, अन्नू रावत, कंचन भंडारी, नवीन कपरूवान एवं रोशन उपाध्याय ने अपनी शानदार लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक झूमने को मजबूर हो गए।
ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह ने कहा कि ईगास पर्व वर्षों से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक रूप से धूमधाम के साथ मनाया जाता रहा है। अब शहरी क्षेत्रों में भी इस लोकपर्व को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी लोक संस्कृति और पौराणिक त्योहारों को जीवित रखने के लिए नई पीढ़ी को भी इन परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है।
कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान ने कहा कि क्षेत्र में पहली बार ईगास बग्वाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। ईगास पर्व पर भैलो खेलने की विशेष परंपरा है। भैलो के बिना यह त्योहार अधूरा माना जाता है। उन्होंने बताया कि टिहरी जनपद के कई क्षेत्रों में ईगास को भैला बग्वाल के नाम से भी जाना जाता है। ऐसे आयोजनों से हमारी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को नई पहचान मिलती है।
कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता विनोद चौहान ने किया। इस अवसर पर शांति प्रसाद थपलियाल, कैलाश बिजौला, संगीता थपलियाल, अनिल बिजौला, नवीन नेगी, लक्ष्मण राणा, विजय राणा,, गोपाल रावत, मुंशी नेगी, जेआर भट्ट, रमेश सकलानी, मुकेश जखमोला, अनूप रावत, धीरेन्द्र नेगी एवं रामपाल असवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





