UK : बुलेट मोटरसाइकिल पर 17 माह से देशभर में जनजागरण कर रहीं तापसी उपाध्याय का हुआ स्वागत सम्मान ऋषिकेश SVMC में

ADVERTISEMENTS
- बीटेक पानी पूरी वाली तापसी पहुंची तीर्थ नगरी ऋषिकेश
- #ऋषिकेश में #SVMC में हुआ भव्य स्वागत, १७ महीनों से देश भर में जन जागरण कर रही हैं तापसी बुलेट में सवार हो कर
ऋषिकेश : “लहरों से डरकर नौका पार नहीं होती, कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।” इन पंक्तियों को चरितार्थ कर रही हैं तापसी उपाध्याय. जिन्होंने स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ पिछले 17 महीनों से बुलेट मोटरसाइकिल पर देशव्यापी जनजागरण यात्रा संचालित की है। इस दौरान वे 1,000 से अधिक विद्यालयों, 300 से अधिक शहरों एवं गांवों तथा अनेक राज्यों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं आचार्य परिवार को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दे चुकी हैं। उनकी यह प्रेरक यात्रा 15 अगस्त को दिल्ली में सम्पन्न होगी।

सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास, ऋषिकेश में आयोजित कार्यक्रम में तापसी उपाध्याय ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जीवन शैली को प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए कहा कि आज का सबसे बड़ा खतरा केवल बीमारी नहीं, बल्कि हमारी बदलती खान-पान की आदतें हैं। मैदा, अत्यधिक तेल, कोल्ड ड्रिंक, पैकेटबंद एवं मिलावटी खाद्य पदार्थ मोटापा और अनेक बीमारियों को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पौष्टिक भोजन, नियमित योग, व्यायाम एवं खेलकूद को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग अपनाएँ, ध्यान करें, जंक फूड से बचें, स्क्रीन टाइम संतुलित रखें, सामाजिक बनें और पर्यावरण का संरक्षण करें।

कार्यक्रम में तापसी उपाध्याय, उनके माता-पिता बलबीर सिंह एवं अनीता, तथा उनकी टीम के सदस्य एलिस, तुषार, संदीप और देशराज सिंह का विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत एवं विद्यालय परिवार द्वारा मां गंगा का चित्र एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ एवं सकारात्मक विचारों का विकास होता है। तापसी उपाध्याय का यह अभियान युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का सराहनीय प्रयास है।विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम ऐसे प्रेरक व्यक्तित्व विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देते हैं,जो कि छात्र छात्राओं के मार्गदर्शन में मील का पत्थर साबित होगा।इस अवसर पर डॉ. नागेन्द्र पोखरियाल, सतीश चौहान, वीरेन्द्र कंसवाल, राजनी गर्ग, मीनाक्षी उनियाल, आरती बड़ोनी, लक्ष्मी चौहान सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। 




