UK :एसडीआरएफ, जल पुलिस, आपदा राहत दल, की सतर्कता: गंगा जलस्तर बढ़ने की संभावना के मद्देनज़र घाटों पर अलर्ट

ADVERTISEMENTS
ऋषिकेश : मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार क्षेत्र में लगातार वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही, ऊपरी क्षेत्रों में हो रही वर्षा एवं बांध से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा नदी के जलस्तर में अचानक वृद्धि होने की संभावना को देखते हुए ढालवाला, ऋषिकेश स्थित एसडीआरएफ उत्तराखंड टीम द्वारा संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।टीम द्वारा त्रिवेणी घाट, राम झूला, जानकी पुल एवं निम बीच सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर निरंतर निगरानी रखते हुए नदी किनारे मौजूद पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को लाउडहेलर के माध्यम से जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों एवं बांध से जल छोड़े जाने के कारण नदी का जलस्तर बिना पूर्व सूचना के तेजी से बढ़ सकता है, जिससे जान-माल का खतरा उत्पन्न हो सकता है।
एसडीआरएफ, जल पुलिस, आपदा राहत दल, टीम द्वारा घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है तथा संभावित आपदा से निपटने हेतु आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों के साथ टीम को तैयार रखा गया है। साथ ही, स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है।जनसामान्य से अपील है कि मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, नदी के किनारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के जोखिम से बचने हेतु अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाएं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक सहायता प्रदान की जा सके।



