UK : ऋषिकेश में ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन महापौर की अध्यक्षता में हुआ, शहरी नदी प्रबंधन योजना पर मंथन

- ऋषिकेश में ‘रिफॉर्म उत्सव’ का आयोजन
- महापौर की अध्यक्षता में शहरी नदी प्रबंधन योजना पर मंथन
- रंभा रिवर के पुनरुद्धार पर जोर; स्कूली छात्रों ने लक्कड़घाट एसटीपी का किया शैक्षिक भ्रमण
ऋषिकेश : जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत ऋषिकेश में ‘रिफॉर्म उत्सव’का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में शहरी नदी प्रबंधन योजना के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (NMCG) के उपमहानिदेशक नलिन श्रीवास्तव एवं निदेशक धीरज जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में रंभा रिवर के पुनरुद्धार को लेकर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। रंभा रिवर को शहरी नदी प्रबंधन योजना की प्राथमिकता सूची में शामिल करते हुए इसके पुनर्जीवन की दिशा में ठोस कदम उठाने पर जोर दिया गया। इस दौरान कहा गया कि नदी प्रबंधन के लिए तैयार की जाने वाली योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। रंभा रिवर का पुनरुद्धार ऋषिकेश के लिए एक मॉडल पहल बन सकता है, जो उत्तराखंड में नदियों के संरक्षण और उनके प्रति जनआस्था को मजबूत करने में सहायक होगा। बैठक में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम के अगले चरण में लक्कड़घाट स्थित नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत निर्मित 26 एमएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) में शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में SMCG में सूचीबद्ध शिक्षण संस्थान श्री देव सुमन विश्वविद्यालय एवं हैप्पी मोन्टेसरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि नलिन श्रीवास्तव एवं धीरज जोशी का स्वागत एसएमसीजी के तकनीकी सलाहकार एस.के. वर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को एसटीपी की कार्यप्रणाली, सीवेज शोधन की प्रक्रिया तथा गंगा नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक तरीके से शोधन जल प्रदूषण को कम करने और नदी के पर्यावरणीय संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
इसके उपरांत उपमहानिदेशक नलिन श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को नमामि गंगे परियोजना के उद्देश्यों, गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने के प्रयासों तथा ‘रिफॉर्म उत्सव के महत्व से अवगत कराया। साथ ही एसटीपी की निगरानी के लिए विकसित ‘गंगा प्लस पोर्टल’की उपयोगिता एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण, नदी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी रहा। कार्यक्रम में नगर निगम ऋषिकेश के म्युनिसिपल कमिश्नर विजय नाथ शुक्ला, श्री संजीव कुमार वर्मा, धर्मेंद्र प्रसाद कुकरेती, अशोक सिंह सहित सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। एसएमसीजी की ओर से रोहित जयाड़ा, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, संदीप उनियाल दुर्गा प्रसाद जिला परियोजना अधिकारी रविकांत पांडे एवं प्रियंका चौहान सहित एसटीपी के कर्मचारी भी मौजूद रहे।
‘रिफॉर्म उत्सव’ के माध्यम से नदी प्रबंधन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय, जनभागीदारी एवं पारदर्शिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ नदियों के संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।





