UK : डोईवाला में मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आधारित एक दिवसीय बाल चित्रकला एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित

डोईवाला : रा०प्रा०वि० कोटि अट्ठरवाला में ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, बच्चों ने रंगों से उकेरा विकसित भारत भानियावाला (डोईवाला)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय (रा०प्रा०वि०) कोटि अट्ठरवाला में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के तहत विद्यालय में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आधारित एक दिवसीय बाल चित्रकला एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई।
जिसमें स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विद्यालय संयोजक के रूप में भाजपा डोईवाला मण्डल के उपाध्यक्ष अंकित काला उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए मण्डल उपाध्यक्ष अंकित काला ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को देश के विकास और अपनी संस्कृति से जोड़ना है। बच्चों की सोच में ही कल के स्वर्णिम भारत की नींव छिपी है और यही नन्हे कलाकार आगे चलकर देश को आत्मनिर्भर और विकसित बनाएंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश जिस ‘विकसित भारत’ की ओर बढ़ रहा है, उसकी झलक बच्चों ने अपनी सुंदर कलाकृतियों में बखूबी दिखाई है।
इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय (रा० प्रा० वि०) कोटि अट्ठरवाला के प्रभारी प्रधानाध्यापक माधव मोहन चमोली, सहायक अध्यापिका दीप शिखा डबराल एवं प्रबन्धन समिति की अध्यक्ष बृजबाला उपस्थित रहीं।इसके साथ ही कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय (जूनियर) कोटि अट्ठरवाला की प्रभारी प्रधानाध्यापिका अंजीत कुमारी पाल, सहायक अध्यापिका भारती रतूड़ी, सहायक अध्यापिका सरोजनी तोपवाल एवं प्रबन्धन समिति की अध्यक्ष सुमित्रा देवी ने भी मुख्य रूप से प्रतिभाग कर कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना विशेष सहयोग दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों और अतिथियों ने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की सराहना की और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।



