UK : अल्मोड़ा में बिट्टू कर्नाटक के प्रयास रंग लाए,बेस अस्पताल की खराब सिटी स्कैन मशीन हुई दुरुस्त, खुद भाजपा नेता ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

अल्मोड़ा : लंबे समय से खराब पड़ी बेस अस्पताल की सिटी स्कैन मशीन के कारण मरीजों और तीमारदारों को हो रही परेशानी को देखते हुए पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने मामले को गंभीरता से लिया।
उन्होंने शुक्रवार को बेस अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से वार्ता की और सिटी स्कैन मशीन को शनिवार तक ठीक कर मरीजों के लिए उपलब्ध कराने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी प्रयास किए।कर्नाटक के प्रयासों के बाद अस्पताल प्रशासन ने सिटी स्कैन मशीन को शनिवार शाम तक दुरुस्त कर लिया और मरीजों के लिए इसकी सुविधा पुनः शुरू कर दी गई।मशीन के चालू होने के बाद मरीजों को सिटी स्कैन के लिए अन्य स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिली है।मशीन की स्थिति और मरीजों को मिल रही सुविधा का जायजा लेने के लिए बिट्टू कर्नाटक ने आज स्वयं बेस अस्पताल पहुंचकर सिटी स्कैन मशीन का निरीक्षण किया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मशीन के संचालन एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधा की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का सीधा संबंध आम लोगों के जीवन से है और मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर गंभीरता से प्रयास किया जाना चाहिए।उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मशीन के नियमित एवं सुचारु संचालन को सुनिश्चित करने तथा तकनीकी समस्या आने पर तत्काल उसका समाधान कराने को कहा।सिटी स्कैन मशीन के दोबारा शुरू होने से गंभीर मरीजों,दुर्घटना में घायल लोगों और जांच के लिए सिटी स्कैन की आवश्यकता वाले अन्य मरीजों को बड़ी राहत मिली है।मरीजों के हित में मशीन को जल्द दुरुस्त कराने के लिए किए गए प्रयासों को अस्पताल आने वाले लोगों ने भी महत्वपूर्ण बताया।



