यूपी : सुल्तानपुर में कांग्रेसियों ने जयंती पर गांधी,शास्त्री व मसूरिया दीन पासी को किया याद..दी श्रद्धांजलि

ADVERTISEMENTS
- महापुरुषों के त्याग और संघर्ष से देश को मिली नई दिशा : अभिषेक सिंह राणा
दीपांकुश चित्रांश की रिपोर्ट…खबर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से है जहाँ जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी,पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसूरिया दीन पासी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय में झंडारोहण से हुई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा,शहर अध्यक्ष शकील अंसारी सहित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तीनों महापुरुषों के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तत्पश्चात कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शहर के सुपर मार्केट स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पहुंचे और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। दीवानी स्थित जलकल परिसर में स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। 

आपको बता दें जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में संगोष्ठी का आयोजन किया गया,जिसमें तीनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष,विचारों और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा समाज में सत्य, अहिंसा,सद्भाव और सामाजिक समानता के मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश की आजादी की लड़ाई को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। वहीं, मसूरिया दीन पासी का संघर्ष और योगदान हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने की प्रेरणा देता है।शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन त्याग,सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में आपसी भाईचारे, एकता और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। कांग्रेस पार्टी उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व जिला प्रवक्ता अमोल बाजपेई ने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का वास्तविक उद्देश्य उनके विचारों और संघर्षों से प्रेरणा लेकर समाजहित में कार्य करना है। गांधी जी ने सत्य और अहिंसा का संदेश दिया, जबकि शास्त्री जी ने सादगी और ईमानदारी को सार्वजनिक जीवन का आधार बनाया। हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।वयोवृद्ध कांग्रेस नेता आशिक हुसैन रिजवी ने कहा कि महात्मा गांधी,लाल बहादुर शास्त्री और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मसूरिया दीन पासी का जीवन हमें देशसेवा, सामाजिक न्याय और जनहित के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को केवल आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि अपने आचरण और कार्यों में भी उतारें।



