UP : नवमी पर मां शाकंभरी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

- श्रद्धालुओं ने मां भवानी के दर्शन कर मांगी मन्नतें, व्यवस्थापक राणा आदित्य प्रताप सिंह ने परिवार सहित किया कन्या पूजन, सुरक्षा को लेकर मुस्तैद रही पुलिस
बेहट/सहारनपुर : (खुर्शीद आलम) waशिवालिक की वादियों में स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र की नवमी पर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मां भगवती के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर दिनभर मां के जयकारों से गूंजता रहा। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ मां शाकंभरी देवी के दर्शन कर प्रसाद अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली तथा मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
नवमी पर्व पर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। नवरात्र के नौ दिनों तक व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद व्रत का पारण किया। वहीं, मंदिर व्यवस्थापक राणा आदित्य प्रताप सिंह ने परिवार सहित विधि-विधान से कन्या पूजन किया। कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण पूजे गए और भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा भेंट की गई।
बाबा भूरादेव को लगाया छप्पन भोग-
नवमी पर्व के अवसर पर इससे पूर्व सिद्धपीठ परिसर में विराजमान बाबा भूरादेव को छप्पन भोग अर्पित किया गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मां शाकंभरी देवी को आदिशक्ति मां दुर्गा का स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि मां के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना भक्तों को सुख-समृद्धि और संकटों से उबरने का संबल प्रदान करती है। वहीं, नवरात्र की नवमी पर कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु कन्याओं में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनका पूजन करते हैं और सुख-शांति की कामना करते हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा में मुस्तैद रही पुलिस-
नवमी पर्व पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहा। मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। भीड़ को नियंत्रित करने, दर्शन व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए पुलिसकर्मी लगातार निगरानी करते रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखी, ताकि भक्त बिना किसी परेशानी के मां के दर्शन कर सकें। नवमी पर्व पर मंदिर में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाकर परिवार, समाज और देश में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।





