UK:उत्त्तराखण्ड पुलिस पहुंची बंगाल, ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोपी अब्दुल रज्जाक को किया गिरफ्तार

- ₹1.35 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी के आरोपी की गिरफ्तारी को पश्चिम बंगाल पहुंची पुलिस टीम, तकनीकी सर्विलांस एवं बेहतर टीमवर्क से मिली सफलता
- मोबाइल बंद कर ठिकाने बदलता रहा आरोपी; SSP पौड़ी ने गिरफ्तारी पर घोषित किया था ₹2,000 का इनाम, पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल से किया गिरफ्तार
कोटद्वार : दिनांक 14.10.2025 को वादिनी मधु नेगी द्वारा कोतवाली कोटद्वारा में एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया गया जिसमें उनके द्वारा अंकित किया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा वादिनी के खाते से 1,34,999 रू0 की ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई है। इस संबंध में कोतवाली कोटद्वार में मु0अ0सं0-258/2025, धारा- 318(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा जनपद में धोखाधड़ी, साइबर अपराध, आर्थिक अपराध एवं अवैध रूप से धन अर्जित करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई किए जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
निर्गत निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता ममगाईं के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर प्रकरण की विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा तकनीकी सर्विलांस, बैंक खातों की जांच एवं लगातार सुरागरसी के माध्यम से प्राप्त जानकारी का विश्लेषण किया गया। जांच में अब्दुल रज्जाक, निवासी- फतेहपुर पश्चिम बंगाल की प्रकरण में संलिप्तता प्रकाश में आई। जिसके पश्चात अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई, लेकिन अभियुक्त पुलिस से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था और अपना मोबाइल भी प्रयोग नहीं कर रहा है। जिसके पश्चात अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा अभियुक्त की गिरफ्तारी पर ₹2,000 का इनाम घोषित किया गया था।
अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को गैर-प्रांत पश्चिम बंगाल भेजा गया, जहां टीम द्वारा बेहतर तकनीकी सर्विलांस, लगातार सुरागरसी एवं प्रभावी टीमवर्क के माध्यम से अभियुक्त की लोकेशन एवं गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई गई। पुलिस टीम की सतर्कता एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप फरार चल रहे अभियुक्त अब्दुल रज्जाक को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारशुदा अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।
पुलिस टीम-
1.उ0नि0 राजा राम डोभाल
2.हे0का0 108 उत्तम सिंह चौहान



