UK :युवा फ़ुटबाल खिलाड़ी को प्रक्टिस के दौरान लगा भाला, हुई मौत
नेशनल वाणी डेस्कApril 18, 2026
ख़बर शेयर करें -
घटना चम्पावत जिले की है. जिला मुख्यालय से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। शनिवार, 18 अप्रैल को गोरलचौड़ मैदान में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के अभ्यास के दौरान एक छात्र की जान चली गई।जानकारी के अनुसार, राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज चंपावत में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा था। पहले दिन सुबह करीब 8 बजे छात्र मैदान में अभ्यास कर रहे थे। कुछ छात्र फुटबॉल खेल रहे थे, जबकि अन्य छात्र जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) की तैयारी में जुटे थे।
इसी दौरान जैवलिन थ्रो कर रहे एक छात्र का भाला अचानक फुटबॉल खेल रहे 20 वर्षीय सोमेंद्र सिंह बोहरा को जा लगा। भाला उनके कंधे के पास गर्दन के समीप गंभीर रूप से धंस गया। घटना के तुरंत बाद घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक सोमेंद्र सिंह बोहरा (20 वर्ष) मछियाड गांव, रीठा साहिब, चंपावत के निवासी थे और पॉलिटेक्निक कॉलेज में द्वितीय वर्ष के छात्र थे। वह वर्तमान में चंपावत में अपनी बुआ के यहां रहकर पढ़ाई कर रहे थे। उनके पिता भूपाल सिंह बोहरा गुजरात में कार्यरत हैं।सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।पीएमएस डॉ. एच.एस. ह्यांकी के अनुसार, चोट बेहद गंभीर थी, जिससे संभवतः ऑक्सीजन सप्लाई रुक गई और अधिक रक्तस्राव होने के कारण छात्र की मृत्यु हो गई। पिता गुजरात में नौकरी करते हैं. सूचना मिलने के बाद घर के लिए रवाना हो गए हैं. घटना को सुन हर कोई दुखी है.