UK : ऋषिकेश महापौर की अध्यक्षता में ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत एवं टीबी मुक्त भारत अभियान’ पर प्रशिक्षण संपन्न

ADVERTISEMENTS
- टीबी उन्मूलन के लिए जनजागरूकता, समय पर जाँच एवं नियमित उपचार आवश्यक: महापौर शम्भू पासवान
ऋषिकेश : राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत एवं टीबी मुक्त भारत अभियान’ विषय पर एक दिवसीय संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आज नगर निगम ऋषिकेश के महापौर कार्यालय में महापौर शम्भू पासवान की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग अधिकारी द्वारा क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, बचाव के उपायों, समय पर जाँच एवं उपचार के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाकर, रोगियों की समय पर पहचान सुनिश्चित करके तथा उन्हें नियमित उपचार के लिए प्रेरित करके इस बीमारी के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।
इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पार्षद अपने-अपने वार्डों में आमजन को जागरूक करने, टीबी के लक्षणों की जानकारी देने तथा संभावित मरीजों को जाँच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने में अहम योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों, जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से टीबी मुक्त समाज के संकल्प को साकार किया जा सकता है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में सम्मानित पार्षद देवेंद्र कुमार प्रजापति, सुरेंद्र सिंह नेगी, सत्या कपूर्वांन, वीरेन्द्र रमोला, आशु डंग, कुमारी मुस्कान, पिंटू रावत सहित नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारियोंं एवं कर्मचारियों द्वारा प्रतिभाग किया गया ।





