UK :ऋषिकेश SVMC में 138 माताओं को मिला कमला नेहरू पुरस्कार, प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावियों को किया सम्मानित

ADVERTISEMENTS
- हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के 11 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी विद्यालय द्वारा प्रतिभा सम्मान राशि प्रदान की गई
- राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल और स्थानीय विधायक विधायक डॉ प्रेम चंद अग्रवाल ने चेक देकर किया सम्मानित
- 138 माताओं को एक-एक हजार रुपये के चेक देकर किया सम्मानित
- आवास विकास विद्या मंदिर के छात्र छात्राओं को मिला उत्कृष्ट सम्मान

ऋषिकेश :सोमवार को विद्या भारती अखिल भारतीय शिशु शिक्षा संस्थान द्वारा संचालित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास, ऋषिकेश में प्रतिभा सम्मान समारोह एवं कमला नेहरू पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ऋषिकेश विधायक एवं उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल, राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल तथा विशिष्ट अतिथि नगर निगम पार्षद सिमरन उप्पल उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत के साथ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।कार्यक्रम में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा सत्र 2025-26 में प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यालय के 11 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए नकद धनराशि एवं सम्मान प्रदान किया गया।
हाईस्कूल के मेधावियों का सम्मान
हाईस्कूल वर्ग में सक्षम को प्रदेश में 13वीं रैंक पर 10,000 रुपये, अक्षिता गैरोला को 16वीं रैंक पर 10,000 रुपये, अर्णव बसलियाल को 17वीं रैंक पर 10,000 रुपये, निखिल रतूड़ी को 20वीं रैंक पर 10,000 रुपये, अभिषेक राणा को 21वीं रैंक पर 9,000 रुपये, शिवानी सेमवाल को 24वीं रैंक पर 9,000 रुपये तथा सांची चौपड़ा को 25वीं रैंक पर 9,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। 

इंटरमीडिएट के मेधावियों का सम्मान
इंटरमीडिएट वर्ग में आर्यन जाटव ने प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। उन्हें 11,000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त गौरव कुमार को 17वीं रैंक पर 10,000 रुपये, हिमांशु गुप्ता को 23वीं रैंक पर 9,000 रुपये तथा अन्वेषिका रतूड़ी को 25वीं रैंक पर 9,000 रुपये देकर सम्मानित किया गया।
138 माताओं को मिला कमला नेहरू पुरस्कार
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदान किया जाने वाला कमला नेहरू पुरस्कार रहा। सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं की माताओं को उनके बच्चों की शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कुल 138 माताओं को प्रत्येक को 1,000 रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया गया। इनमें हाईस्कूल की 57 तथा इंटरमीडिएट की 81 माताएं शामिल रहीं। इस प्रकार मातृशक्ति के सम्मान में कुल 1,38,000 रुपये की धनराशि वितरित की गई।
डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने की मेधावियों की सराहना
मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों का मार्गदर्शन और माता-पिता का त्याग एवं समर्पण होता है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर ऋषिकेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा करते हैं। उन्होंने सभी मेधावियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई दी।
कुसुम कंडवाल ने मातृशक्ति के योगदान को बताया महत्वपूर्ण
राज्य महिला आयोग की अध्यक्षा कुसुम कंडवाल ने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता में मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। कमला नेहरू पुरस्कार के माध्यम से माताओं को सम्मानित करना उनके त्याग, परिश्रम और संस्कारों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शिक्षित एवं संस्कारित माताएं ही एक सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार अपनाने का संदेश दिया।
पार्षद सिमरन उप्पल ने दी शुभकामनाएं
विशिष्ट अतिथि पार्षद सिमरन उप्पल ने सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं सम्मानित माताओं को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को नई ऊर्जा और बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा देते हैं।
प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने जताया आभार
विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और संस्कार निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मेरिट सूची में विद्यालय के 11 विद्यार्थियों का स्थान प्राप्त करना समस्त विद्यालय परिवार के सामूहिक परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका लक्ष्मी चौहान ने किया तथा विद्यालय का परिचय एवं उपलब्धियों का विवरण रामगोपाल रतूड़ी ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रबंध समिति सदस्य मीरा रतूड़ी, उपप्रधानाचार्य डॉ. नागेंद्र पोखरियाल, मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना, अध्यापक राणाकोटी सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, मातृशक्ति, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।कार्यक्रम में मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान और मातृशक्ति के अभिनंदन के साथ शिक्षा, संस्कार एवं उत्कृष्टता का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।






