UK :नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला ने पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कर विद्यार्थियों को बनाया स्वच्छता का संदेशवाहक

ADVERTISEMENTS
- विद्यालयों में रंगों के माध्यम से गूँजा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
- मुनि की रेती-ढालवाला, टिहरी गढ़वाल | 24 जुलाई 2026
मुनि की रेती : निदेशक, शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखण्ड के आदेशों के अनुपालन में तथा माननीय अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण जी एवं अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट के निर्देशन में नगर पालिका परिषद मुनि की रेती-ढालवाला द्वारा 20 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक विद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में 24 जुलाई 2026 को मुख्य सफाई निरीक्षक नितिन सती एवं सेनेटरी इंस्पेक्टर कमल सिंह चौहान के नेतृत्व में लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाई स्कूल, ढालवाला तथा राजकीय मॉडर्न पब्लिक स्कूल, ढालवाला में स्वच्छता एवं पर्यावरण विषयक पेंटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वच्छ भारत, हरित पर्यावरण, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त भारत, वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। विद्यार्थियों की कलाकृतियों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 के अंतर्गत गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, चार प्रकार के कूड़ेदानों के उपयोग, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट में कमी, पर्यावरण संरक्षण तथा “एक विद्यार्थी–एक पौधा” संकल्प के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
नगर पालिका परिषद ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वच्छता के युवा दूत बनकर अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखें, कचरे का पृथक्करण करें तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाएँ। इससे स्वच्छ सर्वेक्षण 2026-27 में नगर पालिका परिषद के बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ स्वच्छ, सुंदर, स्वस्थ एवं हरित नगर के निर्माण का लक्ष्य भी साकार होगा।कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ नगर पालिका से जितेन्द्र सजवाण, रोहित, सूरज बलूनी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।



