ऋषिकेश : शिवपुरी में प्रतिबंधित यूसुफ घाट पर दिल्ली निवासी युवक गंगा नदी में डूबा,SDRF द्वारा सर्च अभियान जारी

ADVERTISEMENTS
ऋषिकेश :रविवार यानि 14 जून को अपराह्न लगभग 02:45 बजे जिला कंट्रोल रूम, टिहरी से एसडीआरएफ को सूचना प्राप्त हुई कि शिवपुरी क्षेत्र में यूसुफ बीच के समीप गंगा नदी में एक युवक डूब गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम, ढालवाला तथा आपदा राहत दल आवश्यक रेस्क्यू एवं सर्च उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
घटनास्थल पर पहुंचकर एसडीआरएफ टीम द्वारा जानकारी प्राप्त की गई कि डूबने वाला युवक अपने छह अन्य दोस्तों के साथ दिल्ली से ऋषिकेश घूमने आया था। सभी युवक गंगा नदी के किनारे स्थित एक प्रतिबंधित घाट पर नहाने के लिए चले गए। इसी दौरान उक्त युवक ने गहरे पानी में तैरने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव एवं अधिक गहराई के कारण वह नदी में डूब गया।युवक के साथ मौजूद उसके दोस्तों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया, किन्तु वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद साथियों द्वारा तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी गई।सूचना प्राप्त होते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर व्यापक सर्च अभियान प्रारंभ कर दिया। टीम द्वारा संभावित डूब क्षेत्र को चिन्हित कर गहन खोजबीन की जा रही है। सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।
**डूबने वाले व्यक्ति का विवरण:**
– नाम: राहुल चौहान
– पिता का नाम: सुभाष चौहान
– उम्र: 25 वर्ष
– पता: गदरपुर बॉर्डर, दिल्ली
एसडीआरएफ उत्तराखण्ड सभी पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों से अपील करती है कि गंगा नदी अथवा किसी भी अन्य जलस्रोत के किनारे स्थापित चेतावनी बोर्डों एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। प्रतिबंधित घाटों, खतरनाक जलक्षेत्रों तथा गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से बचें। बिना स्थानीय जानकारी एवं सुरक्षा उपायों के नदी में उतरना अथवा तैराकी करना जानलेवा साबित हो सकता है।
प्रशासन एवं एसडीआरएफ द्वारा विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा संबंधी चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिनका उद्देश्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इन निर्देशों की अनदेखी स्वयं के साथ-साथ परिजनों के लिए भी गंभीर संकट उत्पन्न कर सकती है।एसडीआरएफ उत्तराखण्ड आमजन की सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन हेतु सदैव तत्पर है।



