खुलाशा….मां-बेटी की निर्ममता से हत्या का खुलासा, पति ने सेना के बर्खास्त सिपाही के साथ मिलकर की थी पत्नी और सास की हत्या
सतेन्द्र यादव अभी भी फरार है, सेना का बर्खाश्त सिपाही मुकेश गिरफ्तार

ADVERTISEMENTS
- बर्खास्त सिपाही मुठभेड़ में गिरफ्तार
(रोहित चौहान) उत्तरप्रदेश के इटावा जनपद में थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत चन्देठी गाँव में हुई मां शादीशुदा बेटी की निर्ममता से हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मुकेश यादव, सेना के बर्खास्त सिपाही को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस की गोली से सेना का बर्खास्त सिपाही घायल हुआ है। सेना के सिपाही ने मृतक निर्मला उर्फ मंजू देवी के पति सत्येंद्र यादव के साथ मिलकर सनसनी खेज वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपित के पास से पुलिस ने लाल रंग की स्कूटी दो लाख 31 हजार रुपए की नगदी और असलाह कारतूस बरामद किए है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आज सुबह थाना भरथना क्षेत्र के अंतर्गत चन्देठी गांव में शादीशुदा बेटी निर्मला उर्फ मंजू देवी और उसकी मां पुष्पा देवी की गला रेतकर निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद हत्यारों को गिरफ्तार करने के लिए छ टीमें लगाई गई थी. पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर एक लाल रंग की स्कूटी को ट्रेस किया. जिसके रजिस्ट्रेशन के चेक करने पर पुलिस ने मैनपुरी जनपद के कुर्रा के रहने वाले मुकेश यादव को चिह्नित किया. जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लग गई थी और वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भरथना क्षेत्र के अंतर्गत साम्हो के पास मुकेश यादव कही भागने की फिराक में खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया. जिसके बचाव में पुलिस टीम ने भी जवाबी फायरिंग करना शुरू किया जिसमें पुलिस की गोली लगने से मुकेश यादव घायल हुआ है। गिरफ्तार मुकेश यादव के पास से लाल स्कूटी दो लाख 31 हजार की नगदी और तमंचा कारतूस बरामद किए है।
पुलिस की पूछताछ में मुकेश यादव ने बताया कि उसकी निर्मला उर्फ मंजू देवी के मायके पक्ष और ससुराल पक्ष दोनों जगह रिश्तेदारी है। निर्मला उर्फ मंजू देवी की शादी 2021 में सत्येंद्र यादव के साथ हुई थी. लेकिन शादी के बाद से ही दोनों के बीच में झगड़ा होना शुरू हो गया था. जिसके बाद शादी के तीन महीने बाद से ही निर्मला उर्फ मंजू अपने मायके चन्देठी में अपनी मां पुष्पा देवी के पास आकर रहने लगी थी. सामाजिक लोगों के समझाने के बाद जब दोनों में समझौता नहीं हुआ तो सत्येंद्र यादव ने मैनपुरी में अपनी पत्नी निर्मला उर्फ मंजू देवी से तलाक का मुकदमा न्यायालय में डाला था. जिसके बाद निर्मला उर्फ मंजू ने इटावा न्यायालय में भरण पोषण का मुकदमा दायर किया था. जिसमें तीन अगस्त को न्यायालय ने सत्येंद्र यादव को पत्नी निर्मला उर्फ मंजू देवी को सात हजार रुपए हर महीने और तीन लाख रुपए एक मुश्त देने का आदेश हुआ. जिसको लेकर सत्येंद्र परेशान रहने लगा. इस बात से नाराज होकर वह मेरे पास आया और हत्या की योजना बनाई. हत्या की वारदात के लिए उसने मुकेश को दो लाख पचास हजार रुपए दिए. इसी क्रम में मैने निर्मला उर्फ मंजू देवी के घर आना जाना शुरू कर दिया. पंद्रह को दोपहर तीन बजे करीब मुकेश अपनी स्कूटी से निर्मला के घर चन्देठी पहुंचा और अपने साथ कोल्ड्रिंक की बोतल में नशीली दवाई मिलाकर ले गया. गर्मी होने की बात कहकर निर्मला और उसकी मां पुष्पा को कोल्ड्रिक पिला दी. जिसे पीने के बाद दोनों बेहोश होने लगी. इसके बाद सत्येंद्र भी वहां आ गया. दोनों ने मिलकर धारदार दरांती से गला रेतकर दोनों की हत्या कर वहां से शाम करीब छह बजे चले गए। एसएसपी ने बताया कि मृतक पुष्पा देवी के दोनों भाई और पति बाहर रहकर नौकरी करते है. इसलिए दोनों मां बेटी अकेली रहती थी. इसी वजह से पंद्रह अगस्त से लेकर अभी तक घटना का सुराग नहीं लगा.
जब दूध देने वाले को शक हुआ तो उसकी सूचना पर घटना का पता लगा। बृजेश कुमार श्रीवास्तव (एसएसपी इटावा) के मुताबिक, गिरफ्तार मुकेश यादव सेना में सिपाही के पद पर तैनात था और वर्ष 2010 में कैंट इलाके से ट्रैक्टर चोरी करने के आरोप में उसका कोर्ट मार्शल कर बर्खास्त किया गया था. उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुकेश के पास से कोल्ड्रिक की बोतल नशीला पाउडर दो लाख 31 हजार रुपए लाल स्कूटी एक तमंचा और कारतूस बरामद किए है। उन्होंने बताया कि फरार आरोपित सत्येंद्र यादव को पुलिस टीम तलाश कर रही है। जिसकी शीघ्र ही गिरफ्तारी की जायेगी ।



