यूपी : मनरेगा भुगतान में भारी देरी पर कांग्रेस का प्रदर्शन.. राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -
  • सरकार जल्द करें मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी का भुगतान  अन्यथा कांग्रेस करेगी बड़ा आंदोलन : राणा
दीपांकुश चित्रांश क़ी रिपोर्ट…खबर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से है जहाँ मनरेगा मजदूरों के लंबित भुगतान को लेकर कांग्रेस पार्टी ने जुलूस निकाल कर विकास भवन पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला विकास अधिकारी को सौंपा। यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व एवं शहर अध्यक्ष शकील अंसारी की मौजूदगी में हुआ। ज्ञापन में कांग्रेसियों ने केंद्र व राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा के तहत कार्य करने वाले मजदूरों को पिछले 75 दिनों से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है, सिर्फ उत्तर प्रदेश में लगभग 2 हजार करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है। इसके साथ ही योजना को जमीन पर संचालित करने वाले ग्राम रोजगार सेवकों सहित लगभग 40 हजार संविदा कर्मियों को पिछले 8 महीनों से मानदेय न मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने मनरेगा मजदुरी भुगतान में देरी के कारण गरीब मजदूरों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है,जिससे वे होली जैसे त्योहार भी ठीक से नहीं मना सके और अब अन्य त्योहारों पर भी इसका असर पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसियों ने मांग की है कि मनरेगा मजदूरों के 75 दिनों के लंबित मजदूरी का भुगतान तत्काल कराया जाए। ग्राम रोजगार सेवकों व संविदा कर्मियों के 8 माह से लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान किया जाए। भुगतान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा प्रदेश में लंबित लगभग 2 हजार करोड़ रुपये का भुगतान तुरंत जारी किया जाए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि मजदूरों का हक मारने वाली सरकार जवाब दे,अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन छेड़ेगी। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि गरीबों के साथ अन्याय किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मनरेगा जिला कोर्डिनेटर ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि कांग्रेस सड़कों पर उतरकर सरकार को जवाब देने पर मजबूर करेगी,मजदूरों का पसीना सूख गया,लेकिन सरकार की संवेदनहीनता खत्म नहीं हो रही है। पूर्व प्रदेश सचिव राहुल त्रिपाठी ने कहा कि मनरेगा को कमजोर कर गरीबों को संकट में डालने की साजिश अब नहीं चलेगी। वरिष्ठ नेता सलाउद्दीन हाशमी ने कहा कि सरकार मजदूर विरोधी नीति पर चल रही है,कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष करेगी। पीसीसी सदस्य हौसला भीम ने कहा कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन कर सरकार को झुकाया जाएगा। अंत में कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगें पूरी नहीं हुईं तो व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर सरदार रणजीत सिंह सलूजा,कुमारी निकलेश सरोज,युवा कांग्रेस के मानस तिवारी,शरद श्रीवास्तव, नंद लाल मौर्य,हाजी फिरोज अहमद,हामिद राईनी,सुरेश चंद्र मिश्र,जनेश्वर उपाध्याय, आकाश सिंह,अवधेश गौतम,मोहसिन सलीम,अजय कुमार पांडे, अनवर शाही,सेवादल के अरुण त्रिपाठी,विजय पाल,श्याम लगन,दिनेश तिवारी,मो. सोहेल, मनीष तिवारी,जाकिर हसन, रामकिशोर,राहुल पांडेय, जमीदार यादव, मनोज तिवारी प्रधान आदि लोग मौजूद रहे।

Related Articles

हिन्दी English