ऋषिकेश: राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी गुमानीवाला में वृक्षारोपण के साथ जागरूकता रैली निकाली

ADVERTISEMENTS
ऋषिकेश : उत्तराखंड सरकार द्वारा हरेला पर्व 2026 के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में लगभग 3 करोड़ वृक्षारोपण महायज्ञ के लक्ष्य को सफल बनाने के उद्देश्य से ऋषिकेश में वन विभाग के नेतृत्व में राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी गुमानीवाला के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के वृक्षारोपण के साथ जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

रैली को वन विभाग के अधिकारियों और विद्यालय के शिक्षकों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लिए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम”, “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” और “हरियाली से खुशहाली” जैसे नारों के साथ लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित किया।वन विभाग के अधिकारियों ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण, शुद्ध वायु और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। अधिकारियों ने सभी नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।विद्यालय के निदेशक श्री राजेंद्र प्रसाद पांडे जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे। इस कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारी, विद्यालय का शिक्षण स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।



