UK : रिखणीखाल के कलवाड़ी में वाहन गिरा, ८ की मौत ४ घायल

ADVERTISEMENTS
- रिखणीखाल के कलवाड़ी सड़क हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पहुंचे SSP पौड़ी
- मौके पर पहुंचकर लिया स्थिति का जायजा, अधिकारियों से ली दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी
- दुर्घटना में ८ लोगों की मौत हो गयी, ४ घायल हैं

पौड़ी : शनिवार भारी पड़ गया…कई निर्दोष लोगों की जानें चली गयी सडक दुर्घटना में… दिनांक 28.11.2026 को थाना रिखणीखाल क्षेत्रान्तर्गत कलवाड़ी गांव के समीप एक इको वाहन संख्या UK 15 TA 2152 अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया। वाहन में कुल 12 व्यक्ति सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही थाना रिखणीखाल पुलिस एवं SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। इस दुःखद हादसे में कुल 08 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई, जबकि 04 व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस एवं SDRF की टीमों द्वारा रेस्क्यू अभियान चला कर घायलों को बाहर निकाला गया तथा प्राथमिक उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया।
घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री देवेन्द्र पींचा (IPS) स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। साथ ही हादसे में मृतकों एवं घायलों के संबंध में जानकारी लेते हुए घायलों को उपलब्ध कराए गए उपचार एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके उपरांत SSP पौड़ी देवेन्द्र पींचा अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों के उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को एयरलिफ्ट कर AIIMS ऋषिकेश भेजा गया, जबकि अन्य घायलों को अग्रिम उपचार हेतु कोटद्वार चिकित्सालय रेफर किया गया। अस्पताल में दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के पंचायतनामे एवं पोस्टमार्टम (PM) संबंधी वैधानिक कार्यवाही के संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज ठाकुर क्षेत्राधिकारी कोटद्वार अस्मिता मंमगाई,थानाध्यक्ष धुमाकोट सुनील पंवार आदि उपस्थित रहे।






