UK :चमोली में UKD ने किया विरोध…डी.जे. और फूहड़ नाच-गानों के कार्यक्रम करवाकर धाम की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने का लगाया आरोप

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
ख़बर शेयर करें -
गोपेश्वर :  शुक्रवार को  उत्तराखंड क्रांति दल चमोली द्वारा श्री बद्रीनाथ धाम की मर्यादा भंग किए जाने के विरोध में जिला मुख्यालय गोपेश्वर के बस स्टैंड पर केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण के नेतृत्व में सरकार  का पुतला दहन किया गया।उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय महामंत्री बृजमोहन सिंह सजवाण ने कहा कि सनातन धर्म की परंपराओं के अनुसार पवित्र धाम श्री बद्रीनाथ धाम की अपनी धार्मिक मर्यादाएं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार  द्वारा निरंतर वहां डी.जे. और फूहड़ नाच-गानों के कार्यक्रम करवाकर धाम की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।
वरिष्ठ नेता कमल किशोर डिमरी ने कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। सरकार को ऐसे आयोजनों की अनुमति देने से पहले बद्रीनाथ धाम की परंपराओं और स्थानीय लोगों एवं श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए।उन्होंने कहा कि केवल राजनीतिक बयानबाजी पर्याप्त नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी तय करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
साथ ही बृजमोहन सिंह सजवाण ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी भी धामों की मर्यादा भंग करने में भाजपा से कम भागीदार नहीं है, क्योंकि उनके प्रमुख, नगरपालिका अध्यक्ष एवं कई कार्यकर्ता भी संबंधित कार्यक्रम में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर क्षेत्रीय विधायक लखपत बुटोला केवल बयान जारी कर रहे हैं, जबकि उन्हें इस घटना के विरोध में पुरजोर तरीके से सरकार से जवाब मांगना चाहिए था।इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट, दिव्यांशु, अंचल, अभिषेक एवं चंद्रकांत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।उत्तराखंड क्रांति दल ने स्पष्ट किया कि श्री बद्रीनाथ धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादा की रक्षा के लिए पार्टी आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी।

Related Articles

हिन्दी English