UK : जय बदरीविशाल के उदघोष के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुले

ख़बर शेयर करें -
  • उत्तराखंड चारधाम यात्रा 2026
  • जय बदरीविशाल के उदघोष के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुले
  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दी ग्रीन क्लीन यात्रा का आमंत्रण
  • कपाट खुलने के अवसर पर  16 हजार से अधिक श्रद्धालु रहे मौजूद
बदरीनाथ धाम  23 अप्रैल । विश्वप्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट सेना की गढ़वाल स्काउट रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच जय बदरीविशाल के उदघोष के साथ बैशाख मास  शुक्ल पक्ष पुनर्वसु नक्षत्र सर्वाथ सिद्ध योग  में  आज गुरूवार 23 अप्रैल को  प्रात: 6 बजकर 15 मिनट पर खुल गये है  इस दौरान हजारों  श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति के दर्शन किये। वहीं श्री बदरीनाथ धाम में‌ मौसम सर्द है कुछ दूर पहाड़ियों पर बर्फ जमी हुई है।कपाट खुलने के अवसर पर श्री बदरीनाथ मंदिर को भब्य रूप से 25  क्विंटल से अधिक फूलों से सजाया गया था तथा दानीदाता श्रद्धालुओं ने तथा सेना, आईटीबीपी ने भंडारे आयोजित किये, सीमांत गांव माणा तथा बामणी की महिलाओं ने परंपरागत भक्तिमय नृत्य संगीत प्रस्तुत किये तथा भजनों का भी आयोजन हुआ इस दौरान मंदिर परिसर एवं श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गयी।मंदिर सिंह द्वार पर वेदवेदांग संस्कृत विद्यालय जोशीमठ के छात्रों ने स्वास्तिवाचन किया।
इस अवसर पर  प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित 16 हजार से अधिक श्रद्धालु कपाट खुलने एवं अखंड ज्योति दर्शन के साक्षी रहे।इससे पहले 19 अप्रैल को श्री यमुनोत्री  तथा गंगोत्री धाम तथा  बीते कल  बुधवार 22 अप्रैल को श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुल चुके है।श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी देश विदेश के  तीर्थयात्रियों का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी मुख्यमंत्री श्रद्धालुओं से भी मिले।उल्लेखनीय है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं हेतु प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजनाओं को क्रियान्वित कराया है तथा तीर्थयात्रियों के लिए हर संभव सुविधाएं मुहैया करवायी  गयी है.  मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलते ही उत्तराखंड चारधाम यात्रा पूरी तरह शुरू हो चुकी है‌।चारधाम यात्रा इस वर्ष नये कीर्तिमान स्थापित करेगी तीर्थयात्रियों को यात्री सुविधाओं हेतु हर संभव कदम उठाये गये है तथा नियम कानूनों का पालन किया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश एवं देश की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।मुख्य मंत्री बुधवार को श्री केदारनाथ धाम के कपाटोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के बाद श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे बदरीनाथ मास्टर प्लान कार्यों की समीक्षा की तथा देश के प्रथम गांव माणा का भ्रमण कर  पर्यावरण सरंक्षण तथा ग्रीन  क्लीन यात्रा का भी संदेश दिया। बीकेटीसी द्वारा प्रदेश सरकार की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से भगवान बदरीविशाल की प्रथम महाभिषेक पूजा की गयी।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने अपने संदेश में श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा हेतु रजिस्ट्रेशन कराये है यह आंकड़ा 21लाख के निकट पहुंच गया है।*श्री बदरीनाथ – केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर सभी तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दी है ।कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तीर्थयात्रियों को बेहतर यात्रा सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं हेतु प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजनाओं को क्रियान्वित कराया जा रहा है तथा तीर्थयात्रियों के लिए हर संभव सुविधाएं मुहैया  की जा रही है कहा कि मंदिर समिति तीर्थयात्रियों के हित मे बेहतर यात्रा प्रबंधन कर रही है।*
बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती तथा  उपाध्यक्ष विजय कपरवाण ने भी श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी है।कपाट खुलने की प्रक्रिया के अंतर्गत गुरूवार प्रातः को साढ़े चार बजे श्री बदरीनाथ – बीकेटीसी अधिकारी कर्मचारी मंदिर परिसर सें आ गये। पांच बजे श्री कुबेर जी ने बामणी गांव से चल कर दक्षिण द्वार से श्री बदरीनाथ मंदिर परिसर में प्रवेश किया। सवा पांच बजे रावल मुख्य मंत्री पुष्कर सिंह धामी अमरनाथ नंबूदरी,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष/राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट , बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार,धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल राजपुरोहित कांता प्रसाद नौटियाल पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल वेदपाठी रविंद्र भट्ट  हक-हकूकधारियों डिमरी पंचायत प्रतिनिधियों अध्यक्ष आशुतोष डिमरी सहित मंदिर समिति अधिकारियों कर्मचारी, भारतीय सेना के अधिकारियों ने मंदिर परिसर में प्रवेश किया तथा द्वार पूजा में सम्मिलित हुए।
ठीक  सुबह साढ़े पांच बजे से द्वार पूजा शुरू हो गयी तथा  सवा छ: बजे श्री बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खोल दिये गये। इससे पहले माता लक्ष्मी  बदरीनाथ मंदिर से अपने मंदिर परिक्रमा स्थित मंदिर में विराजमान हुई तथा श्री उद्वव जी श्री कुबेर जी, श्री गरूड़ जी श्री बदरीनाथ मंदिर गर्भ गृह में विराजमान हो गये। इसके पश्चात भगवान बदरीविशाल को ओढाये गया घृत कंबल को अलग किया गया तथा श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के निर्वाण दर्शन किये। कुछ देर में 10 बजे भगवान बदरीविशाल का अभिषेक शुरू होगा। तथा श्रृंगार दर्शन शुरू होंगे
कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत विगत बुधवार  शाम 22 अप्रैल को श्री गरूड़ जी, उद्धव जी, श्री कुबेर जी, तथा  आदिगुरु शंकराचार्य जी की गद्दी सहित  गाडू घड़ा तेल कलश श्री बदरीनाथ धाम पहुंच गया था।इससे पहले 21 अप्रैल को विष्णुवाहन श्री गरूड़ जी श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे थे।जिलाधिकारी रूद्रप्रयाग/श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति मुख्य कार्याधिकारी ने कपाट खुलने के अवसर पर सभी को बधाई दी सबके मंगलमय यात्रा की कामना की।तथा यात्रा से जुड़े सभी विभागों का आभार जताया।कहा कि जिला प्रशासन तथा मंदिर समिति तीर्थयात्रियों की सेवा हेतु तत्पर है। आज ही  बदरीनाथ धाम मंदिर परिक्रमा स्थित सभी मंदिरों माता लक्ष्मी श्री गणेश जी, घंटाकर्ण जी, आदि केदारेश्वर श्री शंकराचार्य मंदिर, सहित माता मूर्ति मंदिर माणा, भविष्य बदरी मंदिर सुभाई के कपाट भी खुल गये है। पुजारी हनुमान प्रसाद डिमरी ने माता मूर्ति मंदिर माणा तथा पुजारी संजय डिमरी ने भविष्य बदरी मंदिर सुभाई तपोवन के कपाट खोले।
इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी एवं  बीकेटीसी  उपाध्यक्ष ऋषि  प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कपरवाण, डिमरी, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार,डिमरी पंचायत उपाध्यक्ष भास्कर डिमरी,सदस्य महेन्द्र शर्मा,  धीरज मौनू पंचभैया,देवी प्रसाद देवली,  डा विनीत पोस्ती, राजेंद्र डिमरी, नीलम पुरी  दिनेश डोभाल ठाकुर भवानी प्रताप सिंह, प्रभारी अधिकारी बदरीनाथ धाम गिरीश चौहान मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चौहान, सहायक मंदिर अधिकारी रमेश नेगी सहित अधिकारी कर्मचारी तथा हकहकूक धारी मौजूद रहे।

Related Articles

हिन्दी English