UK :कांवड़ यात्रा के दौरान SDRF का रेस्क्यू अभियान जारी, गंगा एवं गंगनहर में संकट में फंसे 21 शिवभक्तों को सकुशल बचाया

ADVERTISEMENTS
हरिद्वार : कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी के नेतृत्व एवं दिशा-निर्देशन में SDRF उत्तराखण्ड पुलिस की टीमें हरिद्वार एवं ऋषिकेश के विभिन्न गंगा घाटों, गंगनहर एवं अन्य संवेदनशील जलक्षेत्रों में लगातार मुस्तैदी से तैनात हैं। SDRF जवानों द्वारा जलक्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने के साथ-साथ कांवड़ियों को सुरक्षित स्नान तथा तेज बहाव एवं गहरे पानी से बचाव के संबंध में लगातार जागरूक किया जा रहा है।

इसी क्रम में आज दिनांक 09 अगस्त 2026 को गंगा एवं गंगनहर में स्नान के दौरान तेज बहाव की चपेट में आए एवं संकट में फंसे कुल 21 कांवड़ियों को SDRF की विभिन्न टीमों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल रेस्क्यू किया गया। इनमें कांगड़ा घाट क्षेत्र से 17 कांवड़ियों, प्रेम नगर आश्रम घाट से 03 कांवड़ियों तथा नीलकंठ क्षेत्र से 01 शिवभक्त को SDRF टीमों द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। जवानों की सतर्कता, तत्परता, साहस एवं सूझबूझ के चलते समय रहते सभी शिवभक्तों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और संभावित अनहोनी को टाल दिया गया।
आज रेस्क्यू किए गए कांवड़ियों का विवरण निम्नवत है— रोशन (18 वर्ष), हरियाणा; पवन (18 वर्ष), उत्तर प्रदेश; राहुल (21 वर्ष), चंडीगढ़; अभिषेक (15 वर्ष), चंडीगढ़; शुभम (23 वर्ष), दिल्ली; प्रिंस (22 वर्ष), दिल्ली; राजेश (20 वर्ष), दिल्ली; दीपक (17 वर्ष), हरियाणा; विरेन्द्र राणा (34 वर्ष), हरियाणा; आनंद (21 वर्ष), पंजाब; निशांत (18 वर्ष), हरियाणा; केशव (19 वर्ष), हरियाणा; जतिन (16 वर्ष), हरियाणा; मोनू कुमार (20 वर्ष), हरियाणा; अजय (28 वर्ष), दिल्ली; कृष्णा (17 वर्ष), दिल्ली; सौरव कुमार (18 वर्ष), दिल्ली तथा शिवा (17 वर्ष), दिल्ली सूरज नई दिल्ली ,वरुण (16) नोएडा। इसके अतिरिक्त नीलकंठ क्षेत्र से 01 शिवभक्त को भी SDRF टीम द्वारा सकुशल रेस्क्यू किया गया।
कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार एवं ऋषिकेश के प्रमुख गंगा घाटों, गंगनहर तथा नीलकंठ क्षेत्र में बड़ी संख्या में शिवभक्तों की आवाजाही को देखते हुए SDRF की टीमें विशेष सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। जवानों द्वारा जलधारा एवं जलस्तर में होने वाले संभावित बदलावों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रेस्क्यू के लिए आवश्यक उपकरणों एवं संसाधनों के साथ टीमें पूरी तरह तैयार हैं।सेनानायक SDRF अर्पण यदुवंशी ने सभी शिवभक्तों एवं कांवड़ियों से अपील की है कि स्नान के लिए निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों का ही प्रयोग करें, तेज बहाव एवं गहरे पानी वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा SDRF एवं पुलिस जवानों द्वारा दिए जा रहे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। श्रद्धा के साथ सावधानी भी आवश्यक है, इसलिए सतर्क रहें और अपनी कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं मंगलमय बनाएं।



