UK : ऋषिकेश में अतिक्रमण को लेकर मेयर की अध्यक्षता में बैठक, जल्द हो सकता है एक्शन

ADVERTISEMENTS
- नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्र के अंतर्गत अतिक्रमण को लेकर महापौर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
- जाम के बाद किसी समस्या से ऋषिकेश जूझ रहा है वह है अतिक्रमण
- कितने नगर आयुक्त आये गए लेकिन अतिक्रमण पूरी तरह साफ़ नहीं हुआ
- छुटभैये नेता बीच बचाव में कूद पड़ते हैं फिर वही…ढाक के तीन पात
- व्यापारियों के दुकानों के आगे सबसे ज्यादा अतिक्रमण, अधिकतर लेते हैं किराया रेहड़ी पटरी से
- खुद व्यापारियों ने भी घेर रखी हैं जगह दुकानों के आगे, सड़कों पर
- अब लोगों को उम्मीद, मेयर शम्भू पासवान से, कुछ न कुछ एक्शन तो होगा…
ऋषिकेश: आज दिनांक 30 जून 2026 को नगर निगम ऋषिकेश के महापौर के कार्यालय कक्ष में नगर निगम ऋषिकेश क्षेत्रांतर्गत होने वाले स्थाई एवं अस्थायी अतिक्रमण को हटाने तथा शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता महापौर द्वारा की गई.
जिसमें नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, यातायात विभाग के प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल तथा विभिन्न स्थानीय ऑटो, विक्रम और परिवहन संघों के पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से प्रतिभाग किया। बैठक के दौरान नगर क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, चौराहों और फुटपाथों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के कारण उत्पन्न होने वाली भारी जाम की समस्या पर गहरी चिंता व्यक्त की गई और स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण व कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कोई भी दुकानदार सड़क पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करेगा और यदि ऐसा पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाएगी । इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए यह भी तय किया गया कि यात्रा बस अड्डे पर बाहर से आने वाली गाड़ियाँ अब बस अड्डे पर अनधिकृत रूप से पार्किंग नहीं कर सकेंगी । रेहड़ी-ठेली व्यवसायियों के लिए भी नियम निर्धारित किए गए हैं, जिसके अनुसार समस्त ठेली वाले केवल प्रातः 9:00 बजे से लेकर रात्रि 10:00 बजे तक ही निर्धारित मार्गों पर अपनी ठेलियाँ संचालित कर सकेंगे और इस समय सीमा की समाप्ति के उपरांत उन्हें अपनी ठेलियों को मुख्य मार्गों से हटाकर अपने घर ले जाना होगा । नगर को सुंदर और सुगम बनाने के उद्देश्य से पूरे शहर में अभियान चलाकर सर्वप्रथम अवैध अतिक्रमण को पूरी तरह चिन्हित किया जाएगा और तत्पश्चात उसे तत्काल हटाने की कार्यवाही की जाएगी ।इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम ऋषिकेश, उपजिलाधिकारी, ऋषिकेश, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम ऋषिकेश, परिवहन विभाग के प्रतिनिधि, स्थानीय कोतवाली प्रभारी तथा व्यापार मंडल के अध्यक्ष एवं सचिव सहित विभिन्न यूनियनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



