ऋषिकेश में ‘ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ की 2 दिवसीय 117वीं बैठक का समापन हुआ

- ऋषिकेश में ‘ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ की 117वीं बैठक का समापन; मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने देशभर से आए महापौरों को पवित्र गंगाजली भेंट कर किया विदा
ऋषिकेश : तीर्थ नगरी ऋषिकेश में आयोजित ‘ऑल इंडिया काउंसिल ऑफ मेयर्स’ की दो दिवसीय 117वीं बैठक का आज, गुरुवार को होटल नटराज में अत्यंत भव्यता और गौरवपूर्ण माहौल में समापन हो गया । नगर निगम ऋषिकेश की मेजबानी में आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय महाधिवेशन में देश के विभिन्न राज्यों से आए 50 से अधिक नगर निगमों के महापौरों और जनप्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया, जहां उन्होंने शहरी विकास, स्थानीय निकायों के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं को वैश्विक स्तर का बनाने हेतु महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मंथन किया ।
सम्मेलन के दूसरे और अंतिम दिन आयोजित समापन सत्र एवं ‘अतिथि सम्मान समारोह’ में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की । अपने संबोधन में मुख्य अतिथि मदन कौशिक ने कहा कि स्थानीय नगर निकाय हमारे लोकतंत्र की रीढ़ हैं और बदलते भारत की तस्वीर संवारने में हमारे महापौरों की भूमिका सबसे अग्रिम है । उन्होंने ऋषिकेश नगर निगम को इस सफल और ऐतिहासिक आयोजन के लिए विशेष बधाई दी ।
पवित्र भेंट से झलकी देवभूमि की संस्कृति:
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक जी एवं नगर निगम ऋषिकेश द्वारा देश के सुदूर कोनों से आए सभी सम्मानित महापौरों को देवभूमि की पावन स्मृति के रूप में आस्था व शुद्धता के प्रतीक स्वरूप ‘पवित्र गंगाजली’ भेंट की गई । सभी महापौरो ने ऋषिकेश की इस अद्भुत आवभगत की सराहना की ।इससे पूर्व, बुधवार 03 जून को इस दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया गया था, जिसके बाद त्रिवेणी घाट पर भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ था ।
समापन के अवसर पर नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भू पासवान ने देशभर से आए सभी अतिथियों, पुलिस-प्रशासन, मीडिया बंधुओं और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों का इस दो दिवसीय आयोजन को सफल बनाने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि ऋषिकेश में लिए गए निर्णय देश के शहरी विकास में मील का पत्थर साबित होंगे ।



