ऋषिकेश: सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दो युवक लापता, SDRF द्वारा सर्च अभियान जारी

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -
ऋषिकेश :  दिनांक 27 जून 2026 को दोपहर लगभग 03:30 बजे जिला कंट्रोल रूम, पौड़ी से सूचना प्राप्त हुई कि थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्रांतर्गत ऋषिकेश से लगभग 30 किलोमीटर दूर बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान के दौरान दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए हैं।
सूचना प्राप्त होते ही SDRF पोस्ट ढालवाला एवं SDRF पोस्ट ब्यासी की टीमें आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आए छह युवकों का एक समूह सिंघताली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान कर रहा था। स्नान के दौरान दो युवक नदी के बीच गहरे पानी में चले गए और तेज धारा की चपेट में आकर बह गए। घटना की सूचना उनके साथियों द्वारा तत्काल जिला कंट्रोल रूम को दी गई।घटनास्थल पर SDRF की टीमों द्वारा लगातार गहन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान संचालित किया जा रहा है। SDRF के प्रशिक्षित डीप डाइवर्स द्वारा सभी संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली जा रही है।
लापता युवकों का विवरण निम्नवत है—
1. प्रेम, पुत्र हरीशचंद्र, निवासी जड़ौदा, बुराड़ी, नई दिल्ली, आयु 26 वर्ष।
2. राजन, पिता का नाम नामालूम निवासी संगम विहार, दिल्ली, आयु 24 वर्ष।
वर्तमान में गंगा नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है तथा पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी का पानी अत्यधिक मटमैला हो गया है। प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण सर्च अभियान में कठिनाइयाँ आ रही हैं। इसके बावजूद SDRF एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
घटना की सूचना दोनों युवकों के परिजनों को भी दे दी गई है।
जनहित में अपील–
SDRF उत्तराखंड समस्त श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील करता है कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही वर्षा के कारण गंगा एवं अन्य नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है तथा पानी अत्यधिक मटमैला एवं तेज बहाव वाला हो जाता है। ऐसी स्थिति में नदी के भीतर अथवा असुरक्षित स्थानों पर स्नान करने का प्रयास न करें। केवल अधिकृत एवं सुरक्षित पक्के घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रशासन द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्डों एवं सुरक्षा निर्देशों का पूर्णतः पालन करें।आपका जीवन आपके परिवार के लिए अमूल्य है। कृपया सुरक्षा नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिजनों को सुरक्षित रखें।
— SDRF उत्तराखंड

Related Articles

हिन्दी English