चम्पावत : पुल्ला गुमदेश उप तहसील का मुख्यालय बदला, अब किमतोली से चलेगा प्रशासन

चम्पावत : राज्यपाल की मंजूरी के बाद शासन की अधिसूचना जारी; गुरेली की जगह किमतोली बना नया मुख्यालय, प्रशासनिक सुगमता को मिला जोर।चम्पावत/लोहाघाट। चम्पावत जनपद की प्रशासनिक व्यवस्था में एक अहम बदलाव करते हुए उत्तराखंड शासन ने उप तहसील पुल्ला गुमदेश के मुख्यालय परिवर्तन की अधिसूचना जारी कर दी है। अब तक गुरेली से संचालित हो रही उप तहसील का मुख्यालय किमतोली स्थानांतरित कर दिया गया है।
राजस्व अनुभाग-1 द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्णय क्षेत्रीय जरूरतों और प्रशासनिक सुगमता को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। राज्यपाल ने उत्तर प्रदेश साधारण खण्ड अधिनियम, 1904 की धारा 21 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए पूर्व में जारी अधिसूचनाओं में संशोधन को स्वीकृति दी है। गौरतलब है कि पुल्ला गुमदेश उप तहसील का गठन 31 जनवरी 2015 को छीड़ाखाल को मुख्यालय बनाकर किया गया था। बाद में इसमें संशोधन करते हुए मुख्यालय गुरेली स्थानांतरित किया गया था। अब एक बार फिर बदलाव करते हुए किमतोली को नया प्रशासनिक केंद्र घोषित किया गया है। इस फैसले से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक सेवाओं तक पहुंच और अधिक सुगम होने की उम्मीद जताई जा रही है।फोटो – किमतोली बना पुल्ला गुमदेश उप तहसील का नया मुख्यालय, शासन की अधिसूचना के बाद बदली प्रशासनिक व्यवस्था।



