UK : शिक्षक नरेन्द्र खुराना हुए सम्मानित, शिक्षा और समाजसेवा में योगदान को मिली सराहना

ADVERTISEMENTS
- युवाओं के प्रेरणास्रोत शिक्षक नरेन्द्र खुराना फिर हुए सम्मानित, शिक्षा और समाजसेवा में योगदान को मिली सराहना
- 120 से अधिक राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सम्मानों से अलंकृत शिक्षक नरेन्द्र खुराना का राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने किया सम्मान
ऋषिकेश। शिक्षा, समाजसेवा, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहकर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास, ऋषिकेश के वरिष्ठ वाणिज्य शिक्षक नरेन्द्र खुराना को एक बार फिर सम्मानित किया गया। राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी के निदेशक, आवास विकास विद्या मंदिर के पूर्व प्रधानाचार्य तथा विभिन्न संस्थानों में निःशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहे शिक्षाविद् राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने अपने आवास पर उन्हें अंगवस्त्र पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
शिक्षक नरेन्द्र खुराना शिक्षा के साथ-साथ समाजसेवा, साहित्य और पत्रकारिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक चेतना जगाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के साथ ही उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में लगातार 15 वर्षों से अधिक समय तक शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम और उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों की परंपरा बनाए रखने में योगदान दिया है। उनकी इसी समर्पित कार्यशैली और बहुआयामी सामाजिक सक्रियता ने उन्हें शिक्षा जगत में अलग पहचान दिलाई है। अब तक उन्हें विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं से 120 से अधिक सम्मानों से अलंकृत किया जा चुका है।
इस अवसर पर राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय ने कहा कि नरेन्द्र खुराना जैसे समर्पित शिक्षक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों का भविष्य संवारना, जरूरतमंद बच्चों को सहयोग देना तथा साहित्य और समाजसेवा के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का उनका प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि उन्हें नरेन्द्र खुराना की उपलब्धियों पर गर्व है और कामना की कि वे इसी प्रकार शिक्षा एवं अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ते हुए ऋषिकेश, अपने माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करते रहें। मां भगवती उनकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण करें और उन्हें जनसेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करें।
सम्मान प्राप्त करने पर शिक्षक नरेन्द्र खुराना ने राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान उन्हें शिक्षा, समाजसेवा और साहित्य के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देने और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की यह यात्रा निरंतर जारी रहे।





