UK : राष्ट्रहित में अपनी बात रखना हर संत का कर्तव्य है : श्री श्री 1008 हरिओम महाराज

ऋषिकेश : निकट मणिकूट पर्वत स्थित मां त्रिपुरा सुंदरी शिव शक्ति धाम आश्रम के पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 हरिओम महाराज ने पश्चिम बंगाल, केरल और ओडिशा में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। आश्रम में साधु-संतों की उपस्थिति में उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की है और इन सभी राज्यों में रहने वाले नागरिकों से मोदी समर्थित पार्टी को वोट देने की अपील की है।
महाराज ने अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए स्पष्ट किया कि वे किसी भी राजनीतिक दल से सीधे तौर पर नहीं जुड़े हैं, लेकिन जब बात राष्ट्र और समाज की आती है, तो एक साधु को बोलना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि साधु का काम समाज के कल्याण के लिए कार्य करना है। राष्ट्रहित में अपनी बात रखना हर संत का कर्तव्य है। महाराज ने अपने हालिया असम दौरे का उल्लेख करते हुए बताया कि पिछले कुछ वर्षों में वहां सड़कों और धार्मिक क्षेत्रों का जो विकास हुआ है, वह अद्भुत है। उन्होंने त्रिपुरा, मेघालय और मिजोरम का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र देवता के रूप में देश को एक सक्षम महापुरुष मिला है। महाराज ने बंगाल में हिंदुओं की स्थिति पर गहरी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वहां हिंदुओं के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है और धार्मिक स्थलों की उपेक्षा की जा रही है। केरल के बारे में उन्होंने कहा कि शिक्षित होने के बावजूद लोग वहां की पुरानी सरकारों की विफलता के कारण भटक रहे हैं। हरिओम महाराज ने जनता से आह्वान किया कि यदि वे अपना और देश का सर्वांगीण विकास चाहते हैं, तो उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनानी चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि असम आज विकास की राह पर चमकने की कगार पर है और यही बदलाव बंगाल और केरल में भी जरूरी है। ताकि वहां के धार्मिक स्थल जागृत हों और लोगों को सुख-सुविधाएं मिल सकें।



