UK :मांगल गर्ल नंदा सती को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, पिंडर घाटी में खुशी की लहर

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
ख़बर शेयर करें -
चमोली/नारायणबगड़ :  पिंडर घाटी की बेटी और उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की पहचान बन चुकीं नंदा सती को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित किया।
पारंपरिक मांगल गीतों के संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मिले इस सम्मान से नारायणबगड़ सहित पूरे चमोली जनपद में खुशी और उत्साह का माहौल है।लोक जगत में ‘मांगल गर्ल’ के नाम से अपनी अलग पहचान बनाने वाली नंदा सती लंबे समय से उत्तराखंड की पारंपरिक लोकगायन शैली को सहेजने और उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। वह अपने मधुर स्वर और हारमोनियम पर शानदार प्रस्तुति के माध्यम से पहाड़ के पारंपरिक मांगल गीतों, लोकगीतों और मां नंदा देवी के जागरों को देश-दुनिया तक पहुंचा रही हैं। उनके प्रयासों से पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिल रही है।
विकासखंड नारायणबगड़ की निवासी नन्दा सती को लोकगीतों और मांगल गायन की प्रेरणा गांव के बुजुर्गों से मिली। उनके पिता ब्रह्मानंद सती पौरोहित्य का कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता गृहणी हैं। बचपन से ही लोक संस्कृति के प्रति लगाव रखने वाली नंदा ने पारंपरिक गीतों को केवल अपनी गायकी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इनके संरक्षण को अपना दायित्व बनाया।नंदा सती पिछले कई वर्षों से महिलाओं और बच्चों को पारंपरिक मांगल गीतों एवं लोकगीतों का प्रशिक्षण दे रही हैं। अब तक पांच हजार से अधिक लोगों को लोकगीतों से जोड़कर वह सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास कर चुकी हैं। उनकी यह पहल पहाड़ की उन परंपराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, जो आधुनिकता के दौर में धीरे-धीरे पीछे छूटती जा रही हैं।उनकी उपलब्धियों का सफर भी प्रेरणादायक रहा है। वर्ष 2023 में उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों संगीत विषय में मास्टर ऑफ आर्ट की उपाधि में गोल्ड मेडल प्रदान किया गया था।नंदा सती को प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों सम्मानित होना उनकी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ना है।
नंदा सती का मानना है कि लोकगीत और मांगल गीत हमारी सांस्कृतिक विरासत एवं पहचान हैं। ये गीत पीढ़ी-दर-पीढ़ी हमारी परंपराओं, संस्कारों और सामाजिक जीवन को आगे बढ़ाते हैं। इनके बिना पहाड़ के लोकजीवन की कल्पना अधूरी है। गांव के बुजुर्गों से मिली इस अमूल्य विरासत को संरक्षित करना वह अपना नैतिक दायित्व मानती हैं।मुख्यमंत्री से सम्मान प्राप्त होने पर नंदा सती भावुक और गदगद नजर आईं। उन्होंने क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो प्यार, सम्मान और सहयोग मिल रहा है, वह उनके लिए बड़ी प्रेरणा है। उनकी इस उपलब्धि पर पिंडर घाटी और नारायणबगड़ क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए इसे पूरे जनपद के लिए गौरव का विषय बताया।
ALSO READ:  UK :राज्य मंत्री (दर्जा) सुरेश भट्ट ने कालाढूंगी विधानसभा के देवलचौड़ खाम में ग्राम प्रधान के निवास पर आमजन से की मुलाकात
Ad Ad Ad

Related Articles

हिन्दी English