उत्तराखंड के लोगों के लिए एम्स ऋषिकेश में अलग से काउंटर खुला, लम्बे समय से थी मांग

ADVERTISEMENTS Ad
ख़बर शेयर करें -
ऋषिकेश : ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में आज स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। एम्स की निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह एवं क्षेत्रीय विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर नवीन एकीकृत ओपीडी काउंटर का लोकार्पण किया।
इस आधुनिक सुविधा के प्रारंभ होने से अब उत्तराखंड के मरीजों को एक ही काउंटर पर ओपीडी पंजीकरण, बिलिंग, डिस्चार्ज एवं आईपीडी से संबंधित सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि मरीजों और उनके परिजनों को विभिन्न काउंटरों के बीच भटकने की परेशानी से भी राहत मिलेगी। विशेष रूप से ऋषिकेश एवं उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए यह सुविधा अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर डॉ प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्रीय जनता को स्वास्थ्य सेवाओं में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए वे लंबे समय से इस सुविधा को प्रारंभ कराने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने बताया कि इस दिशा में एम्स प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ निरंतर पत्राचार एवं संवाद किया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सुविधा साकार रूप में जनता को समर्पित हो सकी है। उन्होंने एम्स प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
इस अवसर पर एम्स के जनसंपर्क अधिकारी संदीप सिंह, उप चिकित्सा निदेशक डॉ विक्रम सिंह, उपचिकित्सा अधीक्षक डॉ गौरव चिकारा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा संगठन से जुड़े पदाधिकारियों में ग्राम प्रधान असेना सुषमा बिष्ट, सिराई ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगदंबा प्रसाद सेमवाल, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल, जिला मंत्री सुमित पंवार, भाजयुमो जिला महामंत्री कौशल बिजलवान, मंडल महामंत्री दीपक बिष्ट, राम सिंह पवार, बृजमोहन मनोरी, सुधा असवाल, पिंकी धस्माना, पूजा गौड़ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने इस नई सुविधा के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आशा जताई कि इससे एम्स में आने वाले मरीजों को त्वरित एवं बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।

Related Articles

हिन्दी English