ऋषिकेश : तीन दिवसीय अंग्रेजी संभाषण कार्यशाला का सफल समापन हुआ सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में

ADVERTISEMENTS
- विद्या भारती विद्यार्थियों को संस्कारों के साथ वैश्विक स्तर पर सक्षम बनाने का कर रही है कार्य : रजनीकांत
ऋषिकेश: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश स्थित विवेकानंद योग सभागार में आयोजित तीन दिवसीय अंग्रेजी संभाषण कार्यशाला का सोमवार को उत्साहपूर्ण वातावरण में सफल समापन हो गया। समापन सत्र में भारतीय शिक्षा समिति प्रदेश मंत्री रजनीकांत शुक्ल, कुमाऊँ मंडल संभाग निरीक्षक सुरेशानन्द जोशी, अमरदीप तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय परिवार द्वारा मुख्य अतिथि रजनीकांत का माँ गंगा का स्मृति-चिह्न एवं पटका भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।अपने प्रेरक उद्बोधन में रजनीकांत ने कहा कि विद्या भारती केवल शिक्षा प्रदान करने वाला संगठन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कार और आधुनिक ज्ञान-विज्ञान का समन्वय करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण का राष्ट्रीय अभियान है। उन्होंने कहा कि आज के वैश्विक परिवेश में अंग्रेजी भाषा का ज्ञान समय की आवश्यकता है। विद्या भारती का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ते हुए अंग्रेजी जैसी अंतरराष्ट्रीय भाषा में भी दक्ष बनाना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ विश्व स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय दे सकें। उन्होंने प्रशिक्षुओं से नियमित अंग्रेजी बोलने का अभ्यास करने, गलतियों से सीखने और निरंतर स्वयं को विकसित करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास और अवसरों के नए द्वार खोलने का सशक्त साधन है।
इस अवसर पर कुमाऊँ मंडल संभाग निरीक्षक सुरेशानन्द जोशी ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ विद्यार्थियों में भाषा कौशल के साथ नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास का विकास करती हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से कार्यशाला में सीखी गई बातों का नियमित अभ्यास करने का आह्वान किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत पंत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए समय-समय पर इस प्रकार की नवाचारपूर्ण एवं कौशल आधारित गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा।विद्यालय के मीडिया प्रभारी नरेन्द्र खुराना ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यशाला में लगभग 130 प्रशिक्षुओं ने अंग्रेजी संभाषण, समूह चर्चा, भूमिका निर्वहन, प्रस्तुतीकरण, शब्द भंडार विकास, उच्चारण अभ्यास तथा विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अंग्रेजी भाषा के व्यावहारिक प्रयोग का प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षुओं ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी, प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए इसकी मुक्तकंठ से सराहना की।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षुओं से अंग्रेजी भाषा का नियमित अभ्यास कर उसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प दिलाया गया।समापन अवसर पर आकाश माहेश्वरी, राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, मेहताब ,पुरुषोत्तम बिजलवान विद्यालय परिवार के समस्त आचार्यगण, अतिथिगण एवं लगभग 130 प्रशिक्षु उपस्थित रहे।



