UK : DOCTOR दिवस की पूर्व संध्या पर ऋषिकेश विधायक ने सम्मानित किया डॉक्टर्स को

ADVERTISEMENTS
ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने डॉक्टर दिवस की पूर्व संध्या पर अपने ऋषिकेश स्थित कैंप कार्यालय में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे चिकित्सकों को सम्मानित किया। उपस्थित सभी चिकित्सकों का पारंपरिक तरीके से शॉल ओढ़ाकर, रुद्राक्ष की माला पहनाकर, पहाड़ी टोपी पहनाकर एवं गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने एम्स ऋषिकेश के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रविकांत (विभागाध्यक्ष, जनरल मेडिसिन), डॉ. रवि गुप्ता (वरिष्ठ चिकित्सक एम्स), उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आनंद राणा (जो एनेस्थीसिया विशेषज्ञ भी हैं), जनरल फिजिशियन अमित रौतेला एवं जनरल फिजिशियन लोकेश सलूजा को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सक केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। डॉक्टर दिन-रात अपनी सेवाएं देकर समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि विशेषकर कोविड-19 महामारी जैसे कठिन समय में डॉक्टरों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अद्वितीय साहस, समर्पण और सेवा भाव का परिचय दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।उन्होंने कहा कि ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने में इन सभी चिकित्सकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इनकी मेहनत और समर्पण से आमजन को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार भी स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
इस अवसर पर डॉ. अग्रवाल ने सभी चिकित्सकों को महान चिकित्सक डॉ. बी. सी. राय की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले राष्ट्रीय डॉक्टर दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।कार्यक्रम में उपस्थित चिकित्सकों ने भी इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया।



