UK : जंगली जानवरों के आतंक के विरोध में UKD ने वन विभाग पोखरी का किया घेराव, रेंजर को ज्ञापन

चमोली : उत्तराखंड क्रांति दल चमोली (UKD) के जिला अध्यक्ष युधवीर सिंह नेगी के नेतृत्व में पोखरी क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जंगली जानवरों, विशेषकर हिंसक भालू के आतंक के विरोध में बुधवार को वन विभाग पोखरी का घेराव किया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र में वन्यजीवों के बढ़ते आतंक पर आक्रोश जताते हुए क्षेत्राधिकारी (रेंजर), वन क्षेत्र पोखरी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
UKD ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि ग्राम पंचायत सिदोली की देवरानी जिठानी में भालू द्वारा किए गए हमले तथा लोगों को पहाड़ी से नीचे गिराने की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। इसके बावजूद वन विभाग द्वारा जनसुरक्षा के लिए ठोस एवं त्वरित कदम न उठाया जाना चिंता का विषय है।
दल ने मांग की कि भालू के हमले में पीड़ित परिवार को अविलंब उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिया जाए तथा पीड़ित परिवार के एक सदस्य को स्थायी रोजगार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय हिंसक भालू एवं अन्य खतरनाक वन्यजीवों को पकड़ने के लिए तत्काल पिंजरे लगाए जाएं और विशेषज्ञ टीम तैनात की जाए।
UKD ने यह भी मांग की कि पोखरी ब्लॉक के संवेदनशील ग्रामीण इलाकों एवं पैदल मार्गों पर वन विभाग द्वारा नियमित गश्त (Patrolling) बढ़ाई जाए, ताकि ग्रामीण भयमुक्त होकर आवागमन कर सकें। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि उपरोक्त मांगों पर वन विभाग द्वारा शीघ्र एवं संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है तो क्षेत्र की जनता, ग्रामसभा प्रतिनिधियों एवं उत्तराखंड क्रांति दल द्वारा उग्र एवं क्रमिक आंदोलन जारी रखा जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी वन प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष पंकज पुरोहित, राज्य आंदोलनकारी एवं UKD नेता कमल किशोर डिमरी, जिला अध्यक्ष ओबीसी प्रकोष्ठ महावीर पंवार, ब्लॉक अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ लक्ष्मण नेगी सहित पोखरी ब्लॉक की महिला कार्यकर्ता एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।





