UK : CDS बनने के बाद पहली बार पहुंचे जनरल अनिल चौहान अपने गाँव गवाणा

श्रीनगर : सीडीएस बनने के बाद पहली बार जनरल अनिल चौहान अपने पैतृक गांव गवाणा (पौड़ी गढ़वाल) पहुंचे, जहां ग्रामीणों ने उनका फूल-मालाओं और पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोग अपने गौरवशाली बेटे की एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े।इससे पहले जनरल चौहान श्रीनगर गढ़वाल के चौरास हेलीपैड पर उतरे, जहां स्थानीय प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे अपने पैतृक गांव के लिए रवाना हुए।
गांव पहुंचने पर उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीय बातचीत की और उनका हालचाल जाना। ग्रामीणों ने देश की सेवा में उनके योगदान पर गर्व जताया, वहीं जनरल चौहान ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए अपने गांव और क्षेत्र के प्रति गहरा जुड़ाव व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।गवाणा पहुंचने से पहले उन्होंने राजराजेश्वरी मंदिर देवलगढ़ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश की सुरक्षा व क्षेत्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मंदिर में उनके आगमन को लेकर भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।अपने दौरे के दौरान जनरल चौहान ने परिवारजनों से भी मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, वे अपने परिवार में आयोजित होने वाले भतीजी के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव पहुंचे हैं, जो तीन दिन बाद संपन्न होगा। इस अवसर पर उन्होंने भतीजी को आशीर्वाद और उपहार भी दिए।
ग्रामीणों ने उनके इस दौरे को ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया। यह दौरा न केवल पारिवारिक बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह और अपनत्व की भावना को और मजबूत किया है।गौरतलब है कि सितंबर 2022 में जनरल अनिल चौहान देश के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ नियुक्त किए गए थे। वे मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के गवाणा गांव के निवासी हैं।



