ऋषिकेश : श्यामपुर में वैली ब्रिज में आया फाल्ट;यातायात बाधित

ऋषिकेश : हरिद्वार रोड पर श्यामपुर रेलवे फाटक से आगे बने वैली ब्रिज की प्लेटे उखड़ गई, साथ ही लोहे की सुरक्षा दीवार भी झुक गई। जिससे सुरक्षा की दृष्टि से पुल को बंद कर रूट को डायवर्ट करना पड़ा।बीते बुधवार को ऋषिकेश हरिद्वार मार्ग पर श्यामपुर रेलवे फाटक के पास बने वैली ब्रिज की कुछ प्लेटें हट गई, साथ ही लोहे से बनी सुरक्षा वाल भी नदी की ओर झुक गई। जिससे खतरा देख राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों ने ब्रिज पर यातायात रोक दिया। गुरुवार को वैली ब्रिज की मरम्मत का काम शुरू किया गया जिसके बाद ही इस पुल से यातायात को सुचारू किया गया।

दो साल पूर्व करीब पांच करोड़ की लागत से बने इस वैली ब्रिज को रेलवे फाटक की वजह से लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए बनाया गया था। जाम की समस्या में कोई खास फर्क नहीं पड़ा साथ ही बहुत हैवी व्हीकल का भार भी यह पुल सहन नहीं कर सकता। यदि कोई हैवी व्हीकल आ भी जाए तो उसे बराबर वाले मार्ग से भेज दिया जाता है जिससे सामने से आने वाले वाहनों के चलते भारी जाम लग जाता है।वैसे स्थानीय लोगों का कहना है कि वैली ब्रिज की जगह फ्लाईओवर बनना चाहिए था। जिससे गर्मियों के सीजन व चारधाम यात्रा के चलते लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिल जाता।




