ऋषिकेश: एकल मार्ग की बैठक में बनी सहमति, रूट चार्ट के आंकलन के बाद होगा वाहनों का संचालन

ADVERTISEMENTS
- GMOU एवं रूपकुंड कंपनी की परिवहन सेवाओं के विस्तार का विषय भी बैठक में प्रमुखता से रखा गया
- बैठक में पहाड़ी क्षेत्र की परिवहन सेवाओं को राजधानी देहरादून तक विस्तार दिए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई
ऋषिकेश : टीजीएमओयू कार्यालय में एकल मार्ग से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक अध्यक्ष भोला जोशी की अध्यक्षता में आहूत की गई। बैठक में पहाड़ी क्षेत्र की परिवहन सेवाओं को राजधानी देहरादून तक विस्तार दिए जाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई।ज्ञात हो कि संभागीय परिवहन प्राधिकरण (RTA), देहरादून द्वारा पहाड़ी क्षेत्रों से संचालित परिवहन सेवाओं का विस्तार राजधानी देहरादून तक किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अंतर्गत GMOU एवं रूपकुंड कंपनी की परिवहन सेवाओं के विस्तार का विषय भी बैठक में प्रमुखता से रखा गया।
बैठक के दौरान इस विषय को लेकर काफी गहमा-गहमी रही तथा सभी पक्षों ने अपने-अपने विचार एवं आपत्तियां रखीं। विस्तृत चर्चा के पश्चात सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि GMOU एवं रूपकुंड कंपनी पहले अपने प्रस्तावित रूट चार्ट एकल मार्ग के अध्यक्ष के समक्ष प्रस्तुत करेंगी। इसके बाद संबंधित सभी परिवहन सेवाओं का समुचित आंकलन किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नई सेवाओं के संचालन से वर्तमान में संचालित अन्य कंपनियों की सेवाएं प्रभावित न हों।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि परिवहन व्यवस्था में विस्तार के साथ-साथ सभी परिवहन कंपनियों के हितों, यात्रियों की सुविधा तथा मार्गों की व्यावहारिक आवश्यकता को ध्यान में रखना आवश्यक है। इसी आधार पर रूट चार्ट का परीक्षण करने के बाद वाहनों के संचालन के संबंध में आगे की कार्यवाही की जाएगी।अध्यक्ष, यातायात पर्यटन विकास सुधीर राय रावत ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों की परिवहन सेवाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है, लेकिन किसी भी नई व्यवस्था को लागू करते समय पहले से सेवाएं दे रही परिवहन कंपनियों के हितों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “हम परिवहन सेवाओं के विस्तार के पक्षधर हैं, लेकिन व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जिससे किसी भी कंपनी की वर्तमान सेवाएं प्रभावित न हों। सभी रूटों का वास्तविक आंकलन, यात्रियों की आवश्यकता और वाहन संचालन की व्यवहारिक स्थिति को देखते हुए ही निर्णय लिया जाना चाहिए।”उन्होंने कहा कि पारदर्शी तरीके से रूट चार्ट का परीक्षण कर सभी पक्षों के हितों में संतुलित निर्णय लिया जाना चाहिए।बैठक में उपस्थिति निम्न प्रकार रही उनमें बलवीर सिंह रोतेला पूर्व अध्यक्ष टीजीएमओ,यशपाल राणा,मनोज ध्यान,नवीन चंद्र रमोला, कुंवर सिंह नेगी,भोपाल सिंह नेगी अध्यक्ष रूपकुंड,गजपाल रावत,मदन कोठारी,मेघ सिंह चौहान,कमलनयन जोशी,मनोज आर्या ,प्रेमपाल सिंह बिष्ट,भानु प्रकाश रांगढ़, खिलानंद बेलवाल, प्रदीप कनवासी,बालम सिंह मेहरा,भगवान सिंह, रूपक,विक्रम सिंह,हरेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे.



