UK : केंद्रीय राज्यमंत्री  अजय टम्टा ने कैंचीधाम में यातायात व्यवस्था को लेकर सर्किट हाउस काठगोदाम में अधिकारियों की बैठक ली

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad
ख़बर शेयर करें -
  • दिये वैकल्पिक मार्ग व पार्किंग विकसित करने के निर्देश
  • कैंचीधाम में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश-निकास के अलग मार्ग और रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर वैली ब्रिज का प्रस्ताव
  • कैंचीधाम में जाम से निजात को वैकल्पिक मार्ग और पार्किंग के प्रस्ताव

हल्द्वानी:  सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री, भारत सरकार अजय टम्टा ने शनिवार को कैंचीधाम एवं अन्य मार्गों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति को लेकर सर्किट हाउस, काठगोदाम में पुलिस, आरटीओ, राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिये।विगत सप्ताह कैंचीधाम में जाम की स्थिति पर मंत्री टम्टा ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस प्रकार की पुनरावृत्ति दोबारा न हो।

केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि कैंचीधाम में आने वाले श्रद्धालुओं के प्रबन्धन की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। इसके लिए उन्होंने मन्दिर प्रशासन से समन्वय करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जाम से सबसे बड़ी समस्या अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ एवं अन्य पर्वतीय स्थानों को जाने वाले यात्रियों को होती है। इस हेतु उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिये।

उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिये कि पर्वतीय मार्गों की ओर जाने वाले वाहनों को ज्योलीकोट होते हुए भेजा जाये, ताकि जाम से निजात मिल सके। उन्होंने निगलाट के पास वन विभाग की नर्सरी की रिक्त भूमि पर पार्किंग के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश एनएच को दिये तथा इस हेतु वन विभाग के साथ संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। पाटलीगाँव से रातीघाट सड़क की खराब स्थिति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एनएच अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव बनाकर सड़क को सुचारू करने के निर्देश दिये तथा सैनिटोरियम से पाटलीगाँव सड़क की मरम्मत कराने के भी निर्देश दिये ताकि वैकल्पिक मार्ग से वाहनों का आवागमन सुचारू हो सके।

ALSO READ:  UK : भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे बनबसा में धामी कैबिनेट की बैठक, शासन को सीमांत क्षेत्रों तक ले जाने की नई पहल

उन्होंने क्वारब से तल्ला रामगढ़ मार्ग को टू-लेन करने हेतु प्रस्ताव बनाने तथा कैंचीधाम से हड़तप्पा वैकल्पिक मार्ग के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिये।बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि रानीबाग स्थित भीमताल-नैनीताल तिराहे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस तिराहे पर वैली ब्रिज बनने से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों से जाम की समस्या नहीं होगी। इस पर मंत्री ने एनएच एवं वन विभाग के अधिकारियों को सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि गुलाबघाटी के चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृत कर कार्य प्रारम्भ किया जायेगा, जिससे जाम से निजात मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कैंचीधाम मंदिर को प्रातः 6 बजे के स्थान पर प्रातः 4 बजे खोला जाये तथा मंदिर में आवागमन हेतु एक ही मार्ग होने से भीड़ बढ़ती है, इसलिए मंदिर में प्रवेश का एक मार्ग तथा निकासी का अलग मार्ग पार्किंग की ओर से निकाला जाये, ताकि मंदिर के सामने सड़क पर जाम न लगे। इस संबंध में मंदिर प्रशासन से वार्ता कर समाधान निकालने के निर्देश दिये।

ALSO READ:  UK : एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले बॉक्सर कपिल पोखरिया ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट

उन्होंने भवाली से कैंचीधाम तक सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये तथा इस हेतु वन विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय कर सर्वे करने को कहा। उन्होंने बताया कि गौलापार-लालकुआँ बाईपास के टेंडर हो चुके हैं तथा डेढ़ वर्ष में कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा।मंत्री टम्टा ने आम जनता से अपील की कि लोग पर्वतीय मार्गों पर वाहन पार्क न करें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि मार्गों पर जाम से निजात मिल सके।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी आकाश, आरटीओ अरविन्द कुमार पाण्डे, अधीक्षण अभियंता एनएच राजेश पाण्डे, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रतनेश, उपजिलाधिकारी मोनिका, सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

Ad Ad Ad

Related Articles

हिन्दी English