UK: राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘Populist or Responsible’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गयी
हमें व्यूज नहीं वैल्यू को ध्यान में रख कर समाचार लिखना चाहिए :नितिन उपाध्याय, जॉइंट डायरेक्टर, सूचना विभाग

ADVERTISEMENTS
हल्द्वानी : राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘Populist or Responsible’ (लोकलुभावन/सनसनी या जिम्मेदार) विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया की सामाजिक भूमिका तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने कहा कि वर्तमान दौर में सूचना एवं संचार के तीव्र विस्तार के साथ जनता को प्रभावित करने की क्षमता भी बढ़ी है। ऐसे समय में यह समझना बेहद जरूरी है कि किसी विषय को केवल लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया जा रहा है अथवा व्यापक जनहित और सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखकर उस पर विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबरों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना या लोकप्रियता हासिल करना नहीं होना चाहिए, बल्कि तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनसरोकारों को प्राथमिकता देना भी इसकी मूल जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाचार अथवा विषय को प्रस्तुत करते समय उसकी सत्यता, प्रभाव और सामाजिक परिणामों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
सूचना एवम् लोक सम्पर्क विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ.नितिन उपाध्याय ने कहा कि पत्रकारिता कभी खत्म नहीं होगी बल्कि स्वरूप बदलता या एडवांस होता रहेगा। उन्होंने कहा कि सूचना एवम् संचार के तेजी से बदलते दौर के हम साक्षी हैं, वर्तमान समय में डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव ने समाचारों के प्रसार को तेज किया है, लेकिन इसके साथ ही भ्रामक सूचनाओं, अपुष्ट खबरों और सनसनीखेज प्रस्तुति की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। ऐसे में पत्रकारों को तथ्यों की पुष्टि, संतुलित दृष्टिकोण और पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों का विशेष ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यूज़ जरूरी हैं लेकिन व्यूज़ के साथ वैल्यूज़ भी बहुत जरूरी है। पत्रकार शैलेन्द्र नेगी ने कहा कि आजादी की अलख जाने एवम् देश को स्वतंत्र कराने में पत्रकारिता का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि लोकलुभावन पत्रकारिता तात्कालिक लोकप्रियता हासिल कर सकती है, लेकिन जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज में विश्वसनीयता कायम करती है।
इस दौरान वक्ताओं द्वारा इस बात पर भी जोर दिया गया कि पत्रकारिता की स्वतंत्रता के साथ उसकी जवाबदेही भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। संगोष्ठी में जिला सूचना अधिकारी अहमद नदीम, पत्रकार विनोद कांडपाल, दिनेश पांडेय, गीतेश त्रिपाठी, धर्मानंद खोलिया सहित अन्य पत्रकार बंधु उपस्थित थे।





