UK : कम नमक के सेवन से रहेगी किडनी स्वस्थ – शराब और धूम्रपान का करें त्याग, चीनी का करें कम इस्तेमाल : AIIMS, RISHIKESH

- विश्व गुर्दा दिवस पर एम्स में आयोजित हुआ नुक्कड़ नाटक
RISHIKESH : विश्व गुर्दा दिवस के उपलक्ष्य में एम्स में आयोजित नुक्कड़ नाटक में बताया गया कि भोजन में नमक की मात्रा कम करके हम अपनी किडनी को खराब होने से बचा सकते हैं। संदेश दिया गया कि भोजन में कम नमक का उपयोग हाई ब्लड प्रैशर के जोखिम को कम करने का बेहतर तरीका है। 

एम्स ऋषिकेश द्वारा किडनी रोगों पर जन जागरूकता हेतु श्रृंखला बद्ध कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। बृहस्पतिवार को संस्थान के गुर्दा रोग विभाग की ओपीडी एरिया में नर्सिंग छात्राओं द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर किडनी को खराब होने से बचाव के तरीके बताए गए। साथ ही समझाया गया कि किडनी रोगियों के लिए किस प्रकार का आहार लाभकारी होता है। ओपीडी में मौजूद रोगियों और उनके तीमारदारों को नाटक के माध्यम से बताया गया कि किडनी हमारे शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है और गलत खान-पान से किडनी खराब हो सकती है। बताया गया कि भोजन में नमक की मात्रा न्यूनतम रखने से हम अपनी किडनी को स्वस्थ रख सकते हैं।
नाटके दौरान विभिन्न संदेंशों द्वारा सलाह दी गयी कि शराब और धूम्रपान के सेवन से बचा जाय और भोजन में कम प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों का उपयोग किया जाय। ज्यादा प्रोटीन वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से गुर्दे को ज्यादा काम करना पड़ता है और शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को निकालने के लिए गुर्दों की क्षमता कम हो जाती है। डिब्बाबंद भोजन से बचने और चीनी का कम उपयोग भी किडनी के लिए लाभकारी बताया गया। इस दौरान नेफ्रोलाॅजी विभाग की डाॅ. शेरोन कंडारी, डाॅ. दीपेश धुत, डाॅ. साहिल सहित डायलेसिस यूनिट की एसएनओ अंजना, प्रह्लाद कुमार व नर्सिंग स्टाफ श्रुति, पूर्णिमा, शिवानी और महेन्द्र, सुनील के अलावा नर्सिंग स्टूडेन्ट्स मौजूद रहे।



