यूपी : लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर कार्रवाई के खिलाफ़ सुल्तानपुर में कांग्रेस हुई मुखर.. जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन..
भाजपा लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर कर रही प्रहार : अभिषेक सिंह राणा

सुल्तानपुर/लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हो रही कार्रवाई को लेकर सुल्तानपुर जिले में कांग्रेस मुखर हो गई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता व नेताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब हो कि पत्रकार अभिसार शर्मा समेत कई पत्रकारों व लेखकों के घर पर दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर उनके इलेक्ट्रॉनिक सामान को जब्त कर लिया है। जिनमे संजय राजोरा,भाषा सिंह, उर्मिलेश तिवारी,प्रबीर पुर कायस्थ और सोहेल हाशमी के घर पर दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर मोबाइल, कंप्यूटर,लैपटॉप एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिया गया है। पत्रकार व लेखकों के घर पर हो रही पुलिस द्वारा छापेमारी को लेकर कांग्रेस ने खासा नाराजगी जाहिर की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने देश में स्वतंत्र पत्रकारों पर हो रही कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना को महामाहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि देश के पत्रकारों की स्वतंत्रता को वर्तमान भाजपा सरकार कुचलने का काम कर रही है। केंद्र की मोदी सरकार के इशारे पर पुलिस ने दिल्ली व यूपी के कई पत्रकारो व लेखको के घरों पर छापेमारी कर उन्हें डराने का काम कर रही है।भारतीय जनता पार्टी के लोग सच्चाई को छुपाना चाहते हैं लेकिन देश की स्वतंत्र मीडिया (पत्रकार) सच्चाई देश को बताना चाहती है, और यही वजह है कि केंद्र सरकार सच्चाई को छुपाने के लिए लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को प्रताड़ित कर उन्हे डरा रही है। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन की ताकत को देखकर भारतीय जनता पार्टी सत्ता पक्ष के लोग बौखला गए हैं, बौखलाहट इतनी बढ़ गई है कि इन्हें कुछ समझ में नहीं आ रहा है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर कार्यवाही देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। इस मौके पर राजेश तिवारी, सुब्रत सिंह सनी, शरद शुक्ल, पवन मिश्र कटांवा,नफीस फारुकी, सुनील चौहान, मानस तिवारी, शहबाज़, रणवीर सिंह, अर्श खान लकी, रब्बन हाशमी,मोहित तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।