“ममत्व” का अहसास करा रहा है समाज को, सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल ने मनाया तीसरा स्थापना दिवस

- अतिथियों ने की अस्पताल की निशुल्क सेवाओं की सराहना
रायवाला/ऋषिकेश। रायवाला स्थित सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल का तीसरा स्थापना दिवस सोमवार को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में अतिथियों ने अस्पताल की निशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिद्वार जिला प्रचारक राजेश जी एवं शांतिकुंज गायत्री परिवार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उप-सचिव उमाकांत जी शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।मुख्य अतिथियों ने कहा कि उत्तराखंड में सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल की निशुल्क सेवाएं प्रदेशवासियों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। उन्होंने सक्षम लोगों और संस्थाओं से अस्पताल के सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया।अस्पताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रणति दास ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि बीते तीन वर्षों में अस्पताल में 2000 से अधिक स्वस्थ शिशुओं का जन्म हुआ है। उन्होंने इसे संस्था के लिए गौरव की बात बताया।

कार्यक्रम में अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ ने विभिन्न भाषाओं में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।इस अवसर पर ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान, डॉ. संजय दास (हिमालयन हॉस्पिटल जॉलीग्रांट), अश्विनी शर्मा, सुभाष चंचल, डॉ. सूरज सिंह, डॉ. इंदु शर्मा, डॉ. ज्योति, डॉ नितिन, जिला पंचायत सदस्य दिव्या बेलवाल, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुलदीप सिंह नेगी, देवेंद्र सेमवाल, डॉ. निहारिका सिंह, ऋतु नेगी, डॉ. सुरभि, डॉ. आकृति थपलियाल, उषा रतूड़ी, कंचन, सोनम व पूजा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रजनी सिंह ने किया।




