ऋषिकेश : जनता की उम्मीदों पर सिस्टम का ‘ब्रेक’ ! कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान के दर्जनों प्रस्ताव फाइलों में दफन !
ऋषिकेश : लोकतंत्र में जनप्रतिनिधि जनता और सरकार के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं, लेकिन जब उनके द्वारा उठाए गए जनहित के प्रस्ताव ही सरकारी फाइलों में दब जाएं तो विकास की गति पर सवाल उठना लाज़िमी है। डोईवाला ब्लॉक में ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख बीना चौहान द्वारा वर्ष 2025 की पहली बीडीसी (ब्लॉक विकास समिति) बैठक में रखे गए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव आज तक अमल का इंतजार कर रहे हैं।लगातार अनदेखी से नाराज़ बीना चौहान ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव और जिलाधिकारी को पत्र भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि ये प्रस्ताव व्यक्तिगत नहीं, बल्कि जनता की मूलभूत समस्याओं से जुड़े हैं।
बिजली विभाग हादसों को न्योता देते झूलते तार-
क्षेत्र पंचायत डोईवाला के अंतर्गत कई स्थानों पर बिजली व्यवस्था खस्ताहाल बनी हुई है। ग्राम सभा असेना वार्ड 08 में बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है,ग्राम सभा खदरी वार्ड 02 गली नंबर 5 में राजेंद्र चौहान के घर के पास जर्जर पोल कभी भी गिर सकता है,ओम पब्लिक स्कूल के पास 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का सुधारीकरण न होने से बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा खतरे में है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण: बरसात में टापू बन रहे गांव-
बरसात के मौसम में खदरी खड़कमाफ और गोहरीमाफी क्षेत्र बाढ़ की चपेट में आ जाते हैं। सोंग नदी का कहर: बाढ़ आने पर घरों में पानी घुस जाता है और फसलें बर्बाद हो जाती हैं। यहां ब्लॉक और पुश्ता निर्माण की मांग की गई है,गुमानीवाला व असेना वार्ड 09 जलभराव की समस्या से ग्रामीण त्रस्त हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ।
लोक निर्माण विभाग सड़कें गड्ढों में तब्दील-
असेना वार्ड 07 इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण प्रस्ताव लंबितहनुमान मंदिर से काली माता मंदिर मार्ग वार्ड 09 सड़क पक्की करने की फाइल अटकी,वार्ड 08 अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण की मांग पर कोई कार्रवाई नहीं।
वन विभाग: हाथियों का आतंक, मुआवजा लंबित-
जंगली हाथियों के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।हाल ही में हाथी ने बुजुर्ग मोहन लाल असवाल की दीवार तोड़ दी थी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिल सका है।
कृषि एवं सौर ऊर्जा: अंधेरे में गांव, बीज को तरसते किसान-
सौर ऊर्जा असेना और खदरी खड़कमाफ के लम्बपुंगडी, डोबरा व गुज्जर बस्तियों में 25 सोलर लाइट लगाने की मांग लंबित है।कृषि विभाग किसानों को समय पर उन्नत बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। विशेष बैठक की मांग भी अनसुनी।कनिष्ठ प्रमुख बीना चौहान* का कहना है कि बीडीसी बैठक में पारित प्रस्तावों पर महीनों बाद भी कार्रवाई न होना शासन-प्रशासन की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह है।“हमने मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को अवगत करा दिया है। यदि जल्द ही इन प्रस्तावों पर धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ, तो हम जनता के साथ मिलकर आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।”अब देखना होगा कि उच्च स्तर पर मामला पहुंचने के बाद क्या डोईवाला की समस्याओं का समाधान होता है या फिर ये प्रस्ताव सरकारी अलमारियों में ही दबे रहेंगे।



