ऋषिकेश :विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय राजश्री चिल्ड्रन एकेडमी गुमानीवाला में मोहन फाउंडेशन ऋषिकेश के द्वारा चित्रकला (ड्राइंग) में अंग एवं नेत्रदान पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न कक्षाओं के 33 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक जागरूकता अंग एवं नेत्रदान जीवन दान जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। विद्यालय परिवार के द्वारा मोहन फाउंडेशन के पदाधिकारी राजकुमार बालियान (वरिष्ठ कार्यकारी ), सुरेंद्र कथुरिया (PRO), मनमोहन भोला (कोषाध्यक्ष) का मां सरस्वती के प्रांगण में दीप प्रज्वलित कर स्वागत किया गया l
विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश्वर प्रसाद सेमवाल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चित्रकला बच्चों की कल्पनाशक्ति, सृजनात्मकता एवं अभिव्यक्ति को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। निर्णायक मंडल ने चित्रों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, रंग-संयोजन, मौलिकता एवं प्रस्तुति के आधार पर किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा अन्वी (कक्षा- 8), द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा राधिका (कक्षा -8) जबकि तीसरा स्थान हिमांशी (कक्षा- 7) ने प्राप्त किया lविद्यालय के निदेशक राजेंद्र प्रसाद पांडे के द्वारा कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य मोहन सिंह नेगी ने इस आयोजन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।