लक्ष्मण झूला पुलिस ने लिया गंगा तटों पर पत्थरों का सहारा,नशेबाजी और जल दुर्घटनाओं को रोकने के लिए

- सावधान! गंगा तटों पर जल दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु पौड़ी पुलिस की पहल
- गंगा तटों पर साइन बोर्ड व पत्थरों पर चेतावनी लिख कर किया जा रहा पर्यटकों/आमजन को सचेत
ऋषिकेश : पर्यटक सीजन के दृष्टिगत तथा गंगा नदी में जलस्तर कम होने के कारण हाल के दिनों में गंगा तटों पर श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की आवाजाही में वृद्धि देखी जा रही है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए संभावित जल दुर्घटनाओं एवं असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा गंगा तटों पर विशेष सतर्कता एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। लक्ष्मण झूला थाना इंचार्ज, संतोष पैथवाल केमुताबिक़, इस क्रम में लक्ष्मणझूला में लक्ष्मणझूला पुलिस द्वारा गंगा तटों पर स्पष्ट एवं चेतावनीपूर्ण स्लोगन लिखवाए जा रहे हैं, जिनमें प्रमुख रूप से “ घाटों परनशीले पदार्थों का सेवन करना वर्जित है, NO BATH / नहाना मना है, NO ENTRY जैसे संदेश शामिल हैं। इन स्लोगनों का उद्देश्य मुख्य रूप से आमजन को सचेत रहने के साथ ही नदी में डूबने की घटनाओं की रोकथाम तथा गंगा घाटों पर नशीले पदार्थों के सेवन पर नियंत्रण सुनिश्चित करना है।साथ ही पुलिस टीम द्वारा “मिशन मर्यादा” के तहत गंगा तटों एवं धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने हेतु निरंतर कार्यवाही की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा तटवर्ती क्षेत्रों में रोकथाम, गश्त एवं जागरूकता गतिविधियाँ सतत रूप से संचालित की जा रही हैं।



